रेलवे भर्ती परीक्षा का पेपर लीक, छह मुन्नाभाई गिरफ्तार


चंडीगढ़ । दिल्ली, लखनऊ, चंडीगढ़, देहरादून व जम्मू में रेलवे विभाग में ग्रुप-डी पद के लिए रविवार को हुई भर्ती परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो चुका था। इसका खुलासा रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-46 गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पुलिस की साइबर सेल इन्वेस्टिगेशन टीम द्वारा नकल मारते गिरफ्तार छह परीक्षार्थियों से हुआ। परीक्षा शुरू होने से पहले ही परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े सभी छह मुन्नाभाइयों के मोबाइल पर प्रश्नपत्र में आए सवालों के जवाब पहुंच चुके थे।
पढ़ें: सीआइएसएफ की परीक्षा में चार और आइटीबीपी में छह मुन्नाभाई गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रेलवे विभाग के ग्रुप-डी पद के लिए आरोपी परीक्षार्थियों के मोबाइल पर परीक्षा हॉल में बैठने से पहले ही सवालों के उत्तर पहुंच चुके थे। इसके बाद उन्होंने नकल के लिए सभी उत्तर स्लिप में ‘कोड वर्ड’ के रूप में लिखे। इसके बाद वह परीक्षा हॉल में पहुंचे और उत्तर पुस्तिका पर उतारने में जुटे गए। डीएसपी [साइबर सेल] राजेश कालिया को इसकी सूचना मिल गई थी। पुलिस टीम ने कॉलेज प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, रेलवे के सेक्शन अफसरों को नकल की जानकारी दी। परीक्षार्थियों की तलाशी लेने पर कोडवर्ड में लिखे उत्तर की छह स्लिप बरामद हुई। उनके पास से चार मोबाइल भी मिले, जिन पर उन्हें प्रश्नों के उत्तर मैसेज के रूप में थे।
पुलिस के रिकॉर्ड में नामजद सभी आरोपी हरियाणा के हैं। आरोपियों की पहचान जिला झज्जार के गांव ढीगल निवासी नरेंद्र, गांव ढीगल निवासी कुलदीप, तहसील बेरी के गांव बहराना निवासी दीपक अहलावत, जिला रोहतक के गांव रोहत निवासी देवेंद्र, तहसील सांपला के गांव भासरूकलां निवासी गुलाब सिंह और जिला सोनीपत के बूटाना निवासी दलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को गैंग के सरगना की तलाश है।
परीक्षा रद होगी या नहीं इस संबंध में जब रेलवे विभाग के पीआरओ गुलशन, अंबाला में डीआरएम एके कठपाल सहित चंडीगढ़ टाउन के एग्जाम इंचार्ज रविंद्र से संपर्क किया तो उन्होंने स्पष्ट तौर पर परीक्षा रद करने बाबत चुप्पी साध ली।


Scroll To Top
Translate »