
लखनऊ| निर्दलीय विधायक के रूप में 25 साल पूरे करने वाले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का उनके समर्थकों की ओर से 30 नवम्बर को सम्मानित किया जाएगा। लखनऊ में होने वाले इस सम्मान समारोह में ही राजा भैया अपनी नई पार्टी का ऐलान भी करेंगे। इस सम्मान समारोह के लिए निर्दलीय विधायक विनोद कुमार सरोज की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति भी गठित की गई है। इस समिति के संयोजक पूर्व सांसद शैलेन्द्र कुमार बनाए गए हैं।
शनिवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व सांसद शैलेन्द्र कुमार ने यह जानकारी दी। राजा भैया द्वारा अपनी नई पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़ने की सम्भावना के बाबत पूछने पर उन्होंने कहा कि यह फैसला तो खुद राजा भैया ही करेंगे। शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रतापगढ़ की कुण्डा विधान सभा सीट से वर्ष 1993 में अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत करते हुए 25 साल तक निरंतर राजा भैया विधायक बने रहे। इसी उपलक्ष्य में उनका रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा।
शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि राजा भैया के समर्थकों ने उन्हें एक नया राजनैतिक दल बनाने का सुझाव दिया है। राजा भैया के मार्गदर्शन में नई पार्टी के गठन की प्रक्रिया चल रही है। राजा भैया प्रदेश की पिछली भाजपा और सपा की सरकारों में कार्यक्रम क्रियान्वयन, खेलकूद एवं युवा कल्याण, कारागार, खाद्य एवं रसद और स्टाम्प एवं निबंधन विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
राजा भैया ने 1993 में पहली बार राजनीति में कदम रखते हुए कुडा से बतौर निर्दलीय विधायक जीत हासिल की थी। तब से वह लगातार यहां से जीत हासिल करते आ रहे हैं। इस साल 2018 में राजा भैया अपने राजनीतिक सफर के 25 साल पूरे कर रहे हैं। यानी विधाय बनने की वह सिल्वर जुबली (रजत जयंती) मना रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस मौके पर वह कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
