राफेल डील पर रार: सीवीसी से मिले कांग्रेस नेता, कहा- दर्ज करें भ्रष्टाचार का मामला


कांग्रेस ने यह भी कहा कि इस विमान सौदे से जुड़े सारे कागाजात और फाइलें जब्त की जाएं, क्योंकि इनको नष्ट किए जाने की आशंका है। सीवीसी से मुलाकात के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा, कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सीवीसी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा, सुरक्षा मामले की कैबिनेट समिति की अनुमति के बगैर राफेल सौदा बदला गया। इसमें रक्षा खरीद प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ है।
शर्मा ने कहा, सरकार झूठ बोल रही है और छिप रही है। सौदे से जुड़ा ब्योरा देते हुए कांग्रेस ने कहा, भारत सरकार सरकारी खजाने को 41,205 करोड़ रुपये की चपत लगाने की दोषी है। कानून के तहत सरकार बाध्य है कि वह सीवीसी को पूरी सूचना दे। कांग्रेस ने सीवीसी से भ्रष्टाचार, साठगांठ वाले पूंजीवाद (क्रोनी कैपिटलिज्म), कानून एवं प्रक्रिया के उल्लंघन तथा सरकारी खजाने को हुए नुकसान की बात जल्द से जल्द सार्वजनिक करने की मांग की।
सीवीसी से मुलाकात करने वाले कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, कपिल सिब्बल, रणदीप सुरजेवाला, जयराम रमेश, अभिषेक मनु सिंघवी, मनीष तिवारी, विवेक तन्खा, प्रमोद तिवारी और प्रणव झा भी शामिल थे।
पिछले सप्ताह कांग्रेस ने देश के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) से मुलाकात की थी। पार्टी ने कैग से सौदे में कथित अनियमितता पर एक रिपोर्ट तैयार करने और उसे संसद में पेश करने का अनुरोध किया था।


Scroll To Top
Translate »