हैदराबाद: दलित शोधार्थी की आत्महत्या के मुद्दे पर रूख और आक्रामक करते हुए राहुल गांधी आज हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के आंदोलनरत छात्रों के साथ एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए.
कल आधी रात को कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आंदोलनरत छात्रों के साथ लगभग दो घंटे बिताए और फिर उन्होंने करीब 2000 छात्रों के साथ दलित शोधार्थी रोहित के जन्मदिन के अवसर पर मोमबत्तियां जलाईं. आज रोहित का जन्मदिन है और आज वह 27 वर्ष के हो गए होते.
आज सुबह राहुल अनशन स्थल पर लौटे और आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति एकजुटता दिखाई.
एनएसयूआई अध्यक्ष रोजी एम जॉन ने कहा, ‘‘राहुल जी अनशन कर रहे हैं.’’ पिछले कुछ सप्ताह में दूसरी बार परिसर के दौरे पर आए राहुल ने ट्वीट किया, ‘‘आज मैं रोहित के दोस्तों और परिवार के अनुरोध पर यहां आया हूं ताकि इंसाफ के लिए उनके द्वारा लड़ी जा रही लड़ाई में उनके साथ खड़ा हो सकूं.’’
राहुल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘सपनों और महत्वाकांक्षाओं से भरा एक युवा जीवन संक्षिप्त हो गया. हम यह उसे, महात्मा गांधी की स्मृति को और हर उस भारतीय छात्र को समर्पित करते हैं जो पक्षपात और अन्याय से मुक्त भारत का सपना देखता है.’’ विरोध प्रदर्शन स्थल पर रोहित की मां राधिका और भाई राजू भी मौजूद थे.
राहुल रात 12 बजकर 10 मिनट पर यहां पहुंचे. उन्होंने रोहित की तस्वीर के आगे मोमबत्तियां जलाईं और आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत की.
जब छात्रों ने मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी और श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय के खिलाफ नारे लगाए तो राहुल ने हस्तक्षेप करते हुए नम्रता के साथ उनसे कहा कि किसी के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ का नारा मत लगाइए.
उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी के लिए भी ‘मुर्दाबाद’ न कहें. इससे इंसाफ नहीं होगा.’’ हाल ही में जिन शोधार्थियों का निलंबन वापस लिया गया है, उनमें से एक वेपुला सुंकन्ना ने कहा कि कुलपति अप्पा राव पोडिले को पद से हटाया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, ‘‘17 जनवरी को हमने अप्पा राव और पांच अन्य के खिलाफ अजा:अजजा अत्याचार का मामला दर्ज कराया था. इन छह लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए. यह एकमात्र मांग है.’’ सुंंकन्ना विजय कुमार के साथ आमरण अनशन पर हैं. विजय कुमार का निलंबन भी वापस लिया गया था.
परिसर में राहुल द्वारा दूसरी बार किए गए इस दौरे के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे उसी तरह देखता हूं, जैसे कि अरविंद केजरीवाल, सीताराम येचुरी, माकपा नेता और कई अन्य लोग यहां आए और हमें समर्थन दिया. हम उसी तरह से राहुल गांधी को देखते हैं.’’
राहुल और कांग्रेस कर रहे ‘शवों पर राजनीति’: भाजपा
राहुल गांधी द्वारा आज दूसरी बार किए गए हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के दौरे पर भाजपा ने कटाक्ष करते हुए राहुल और कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं और यह दौरा ‘‘शवों पर राजनीति’’ की मिसाल है.
तेलंगाना भाजपा के प्रवक्ता कृष्णा सागर राव ने कहा, ‘‘राहुल गांधी और कांग्रेस राजनीतिक रूप से इतने दिवालिया और बेरोजगार हैं कि उन्हें एक छात्र की त्रासद मौत का बार-बार राजनीतिकरण करना पड़ रहा है.’’ राव ने सवाल उठाया, ‘‘राहुल गांधी चेन्नई क्यों नहीं जा रहे हैं, जहां लगभग एक सप्ताह पहले तीन लड़कियों ने आत्महत्या की है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘तुच्छ राजनीतिक लाभ लेने की उनकी कोशिश उन्हें एचसीयू परिसर में वापस लेकर आई है. यह शवों पर राजनीति की उच्चतम मिसाल है.’’ राहुल कल आधी रात के बाद परिसर में पहुंचे थे और उन्होंने आंदोलनरत छात्रों द्वारा आयोजित ‘कैंडल मार्च’ में हिस्सा लिया. राहुल ने छात्रों के साथ लगभग दो घंटे बिताए. आत्महत्या कर लेने वाले दलित शोधार्थी रोहित वेमुला का आज जन्मदिन है और आज वह 27 साल के हो गए होते.
दलित शोधार्थी की आत्महत्या के चलते कांग्रेस मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्रीय मंत्री बंडारू दत्तात्रेय को हटाने और कुलपति अप्पा राव को बर्खास्त करने की मांग कर रही है.
वेमुला की आत्महत्या के बाद राहुल दूसरी बार हैदराबाद के दौरे पर आए हैं. वेमुला की आत्महत्या के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल 19 जनवरी को विश्वविद्यालय आए थे. उन्होंने आंदोलनरत छात्रों और रोहित के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी.
https://rashtriyadinmaan.com

