सपा ने दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों को की 16 लाख की मदद, अखिलेश यादव बोले- परिवार की दुर्दशा के लिए योगी सरकार जिम्मेदार
in Main Slide, राष्ट्रीय, विविध
July 30, 2019
670 Views
लखनऊ | सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को उन्नाव दुष्कर्म कांड की पीड़िता के परिजनों से मिलने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और उनका हाल चाल जाना। वहीं, सपा की तरफ से दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों को 16 लाख रुपये की मदद दी गई है।सपा के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के परिवार को 10 लाख रुपये और घायल वकील के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा एक लाख रुपये पार्टी फंड से दिया गया है। परिजनों को सपा प्रतिनिधि मंडल में शामिल मधु गुप्ता, जूही सिंह, जरीना उस्मानी व आईपी सिंह ने चेक सौंपा।
पीड़िता के परिजनों से मिलने के बाद अखिलेश यादव ने परिवार की दुर्दशा के लिए प्रदेश की योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार कानून व्यवस्था में सुधार का दावा कर रही है, लेकिन अपराध बढ़ते ही चले जा रहे हैं। पीड़िता के पिता को मार दिया गया। उसके चाचा को जेल में डाल दिया गया, लेकिन सरकार विधायक पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह घटना दुःखद है। इसकी जितनी निंदा की जाए उतना कम है। बलात्कार पीड़िता की हत्या के प्रयास से देश-प्रदेश की हर एक मां, बहू, बेटी, बहन गहरे सदमें में हैं। महिलाओं में इस घटना को लेकर जो रोष-आक्रोश है वह दोहरे चरित्र वाली सत्ता को बहुत मंहगा पड़ेगा। यह घटना निहायत अमानवीय, शर्मनाक और निंदनीय है।
श्री यादव ने पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कहा कि परिवार की मांग है कि उनके चाचा को पैरोल पर छोड़ा जाए, उनका क्या गुनाह है? उन्होंने पीड़ित परिवार को नए राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल से मिलाने का सुझाव दिया ताकि उसे न्याय मिल सके। उन्होंने कहा सरकार को सामने आना चाहिए और पीड़िता की मदद करनी चाहिए। मुख्यमंत्री जी भरोसे के लायक नहीं है। सरकार को सब कुछ पता है। भाजपा को भूलना नहीं चाहिए कि उत्तर प्रदेश से ही राष्ट्रपति जी और प्रधानमंत्री जी है। घटना के दिन केन्द्रीय गृहमंत्री जी भी लखनऊ में थे। सरकार भाजपा की है इसलिए जिम्मेदारी सरकार की है कि वह न्याय करें।
श्री यादव ने कहा कि बेटी न्याय के लिए पुलिस से मांग कर रही है किन्तु उसे न्याय नहीं मिल रहा है। उसके पिता की हत्या हो गई। भाजपा के नेताओं ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। अब उसकी चाची और मौसी की मौत हो गई जबकि रेप पीड़िता और उनका वकील जीवन में संघर्ष कर रहे हैं। उसकी जान बचेगी या नहीं यह पता नहीं है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके विधायक पर उंगली उठी है। सरकार बहाना न बनाए। सामने आये और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें। यूपी में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। उत्तर प्रदेश की जेलों में हत्या हो रही है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस सरकार की भाषा बोल रही है। भाजपा कुछ भी करा सकती है। महिला अस्मिता की बात करने वाली भाजपा खामोश क्यों है?
श्री यादव ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के वर्तमान जज के अंतर्गत इस पूरे काण्ड की जांच होनी चाहिए। भाजपा विधायक को राज्य के बाहर जेल में भेजा जाना चाहिए। रेप पीड़िता को सरकार एक करोड़ रूपए की मदद दे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में 1090, यूपी डायल 100, पुलिस मुख्यालय आदि की व्यवस्था इसलिए की गई थी कि अपराध नियंत्रण हो। भाजपा संवेदन शून्य है। पुलिस को तो निष्पक्ष होना चाहिए।
2019-07-30