
नोएडा | बहुराष्ट्रीय कंपनी सैमसंग (Samsung) ने केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी डिजीटल इंडिया (Digital India) अभियान के प्रति अपनी कटिबद्धता का इजहार करते हुये साफ किया है कि कंपनी भारत के मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में नई पहल की योजना बना रही है। जिनकी दिशा सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ विजन में योगदान करने और देश को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में सहयोग की होगी।
सैमसंग ने भारत में 25 साल पूरे होने के मौके पर एक बयान जारी कर पावरिंग डिजीटल इंडिया के अपने नए विजन के साथ देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दुहराई है। कम्पनी ने कहा कि उसकी नागरिकता, मानव संसाधान विकास, स्टार्टअप कम्युनिटी और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की योजना है। सैमसंग ने भारत की मैन्युफैक्चरिंग और ग्रोथ स्टोरी की यात्रा में एक प्रतिबद्ध साझेदार के रूप में देश में सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
कंपनी ने इस मौके पर अपने नए विजन को साझा करते हुये कहा कि देशभर के छात्रों और स्थानीय स्टार्टअप समुदाय पर विशेष फोकस किया जाएगा। एक नई स्थानीय आरएंडडी रणनीति और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को लक्ष्य कर कई नई पहल होगी। सैमसंग भारत के मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में नई पहलों की योजना बना रही है, जिनकी दिशा सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ विजन में योगदान करने और देश को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और नियार्त केंद्र के रूप में विकसित करने में सहयोग की होगी।
सैमसंग ने भारत को एक वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बनाने के विजन के साथ 2018 में नोएडा में दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस फैक्ट्री का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। सैमसंग ने बेंगलुरू के प्रसिद्ध ओपरा हाउस में दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल एक्सपीरियंस सेंटर भी खोला है, जो भारत के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
आपको बता दें कि नोएडा के सेक्टर-81 में दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक कारखाना स्थापित किया है। यह कारखाना करीब 35 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। करीब दो साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विस्तारित संयंत्र का उद्घाटन किया था। नोएडा में सैमसंग कम्पनी की शुरुआत 1995 में की थी। इस कारखाने में हर महीने 50 लाख फोन का निर्माण किया जा रहा था। विस्तार के बाद 1.20 करोड़ फोन का निर्माण किया जा रहा है। इस कारखाने में 70 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
