
मुंबई | अयोध्या केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. शिवसेना नेता संजय राउत ने इस फैसले के बाद महाराष्ट्र में सरकार गठन से पहले मंदिर निर्माण का नारा दिया है.
दरअसल, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच जजों की पीठ ने आज विवादित जमीन को रामलला विराजमान को देने का फैसला सुनाया. साथ ही सरकार को आदेश दिया है कि वह सुन्नी वक्फ बोर्ड को अयोध्या में कहीं भी 5 एकड़ जमीन मुहैया कराए. शिवसेना नेता संजय राउत ने राम मंदिर पर फैसला आने के बाद ट्वीट किया, ‘पहले मंदिर फिर सरकार. अयोध्या में मंदिर, महाराष्ट्र में सरकार…जय श्रीराम.’
पीटीआई से बातचीत में संजय राउत ने कहा, ‘अगले दो दिन केवल अयोध्या, सरकार पर कुछ भी नहीं.’ बता दें कि 13वीं महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल शनिवार को खत्म हो रहा है. महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना गठबंधन ने विधानसभा चुनाव लड़ा था. लेकिन, चुनाव के नतीजे आने के बाद दोनों में सरकार बनाने को लेकर बात नहीं बन पाई. शिवसेना ढाई-ढाई साल सीएम के फॉर्मूले पर अड़ी थी, जबकि बीजेपी ने इससे इनकार कर दिया था.
देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा. राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि फडणवीस अभी कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी भूमिका निभाते रहेंगे.
https://rashtriyadinmaan.com
