विज्ञान बस विद्यार्थियों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगी : मुख्यमंत्री योगी


PRESS (3)
आई0आई0टी0, कानपुर तथा विज्ञान एवं 
प्रौद्योगिकी परिषद का संयुक्त प्रयास है यह बस
लखनऊ:   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज अपने सरकारी आवास पर तकनीकी विशेषताओं से सुसज्जित ‘विज्ञान बस’ का उद्घाटन किया। यह बस आई0आई0टी0, कानपुर तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद का संयुक्त प्रयास है।
 इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री  ने कहा कि यह विज्ञान बस विद्यार्थियों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगी। विज्ञान बस के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण और पिछड़े अंचलों के विद्यार्थी भी सरल प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धान्तों को आसानी से समझ सकेंगे। यह बस विभिन्न स्कूलों में 2 से 3 दिन लगातार उपलब्ध रहेगी, जिससे विद्यार्थियों को समुचित तकनीकी ज्ञान प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि विज्ञान अंधविश्वास को दूर करने का एक प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि समाज के विकास में विज्ञान का महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि विद्यार्थियों में विज्ञान की मौलिक समझ, इस प्रकार से विकसित की जाये जिससे कि वे अपने प्रयोगों का लाभ देश और प्रदेश को दे सकंे। इस उद्देश्य की पूर्ति में विज्ञान-बस जैसे प्रयास महत्वपूर्ण योगदान कर सकते हैं। ‘विज्ञान बस’ के माध्यम से विज्ञान के नियमों और सिद्धान्तों को प्रयोगों के माध्यम से सुरूचिपूर्ण ढंग से छात्रों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उनकी समझ को विकसित किया जा सकेगा।
ज्ञातव्य है कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टि विकसित करने के अलावा विज्ञान बस के माध्यम से छात्रों तथा बच्चों को अन्य हुनर एवं जीवन कौशल, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण प्रदूषण के बारे में भी जानकारी प्राप्त होगी। इस बस में वैज्ञानिक प्रयोगों से जुड़े लगभग 300 विडियोज भी उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी, आई0आई0टी0 कानपुर के वैज्ञानिक व छात्र मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »