
लखनऊ | शिवसेना के नेता और राज्यसभा के सांसद संजय राउत ने कहा है कि जो लोग सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सवाल उठा रहे हैं, उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए. उन्होंने ये बात बुधवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही. लेकिन संजय राउत ने साथ में यह भी कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सेना पर भरोसा किया जाना चाहिए, मगर इसका राजनीतिक इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होना चाहिए.
संजय राउत ने यह बात कहकर बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है कि शिवसेना उत्तरप्रदेश में 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. शिवसेना का उत्तर प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है, लेकिन इसके बावजूद कट्टर हिंदुत्व वाली पार्टी को लेकर उसकी पहचान है और बीजेपी को इससे कुछ जगहों पर नुकसान हो सकता है. बीजेपी सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश के चुनाव में हिंदुत्व के नाम पर वोट तो नहीं मांग रही है, लेकिन कैराना और दादरी जैसे मुद्दों को लगातार उठाकर बीजेपी अपने वोटरों को संदेश जरूर दे रही है. उत्तर प्रदेश में चुनाव को देखते हुए ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार दशहरे के मौके पर दिल्ली के रामलीला मैदान के बजाय लखनऊ के ऐशबाग रामलीला मैदान में आकर रावण वध के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
https://rashtriyadinmaan.com
