दो प्रकरणों का मौके पर ही हुआ निस्तरण, शेष में समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश

लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण में आज वरिष्ठ नागरिक/ दिव्यांगजन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने स्वयं उपस्थित होकर जन सामान्य की समस्याओं को सुना और इनके समयबद्ध निस्तारण के सम्बंध अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार आकर विभिन्न पटलों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें मानसिक एवं शारीरिक परेशानी होती है। इसके लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ बृहस्पतिवार को इस विशेष शिविर की व्यवस्था की गई है। आज शिविर के दौरान सूर्यलाल और रमेश पाल राठौर द्वारा बसंतकुंज योजना के सेक्टर-ओ में उन्हें आवंटित भूखण्डों की रजिस्ट्री के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिये गए, जिस पर तुरंत ही निबंधन की कार्यवाही करते हुए मौके पर ही दोनों प्रकरणों का निस्तारण करा दिया गया। इसके अलावा निर्मला देवी द्वारा विभूतिखण्ड स्थित भूखण्ड संख्या-सी-107 पर किये गए अवैध कब्जे को हटाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर उपाध्यक्ष द्वारा अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा को दो दिन में प्रकरण का निस्तारण कराने के आदेश दिये गए। इसी तरह पंकज शर्मा द्वारा कानपुर रोड योजना के सेक्टर-एल स्थित भूखण्ड संख्या- ए-1/191 के निबंधन के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर उपाध्यक्ष ने नजूल अधिकारी अरविंद कुमार त्रिपाठी को प्रकरण में सम्पूर्ण तथ्यों के साथ तीन दिन में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
इस क्रम में गोपाल किशोर सेठ द्वारा पेपरमिल कालोनी में आवंटित व्यवसायिक प्लाट पर भौतिक कब्जा न मिलने की शिकायत की गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारी को दो दिन में आख्या प्रस्तुत करके कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि आज शिविर मेें कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में समय सीमा निर्धारित करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
