देहरादून : प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और बाबा रामदेव को उत्तराखंड में उत्पन्न राजनीतिक संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया है। प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश की राजनीति को कलंकित करने में इन दोनों की अहम भूमिका है।
किशोर ने दावा किया कि उनके पास इसके पक्के सबूत भी हैं। उन्होंने एलान किया कि 26 मार्च को भाजपा के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में मशाल जुलूस निकालेगी। किशोर ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के खिलाफ भी मोर्चा खोलते हुए कहा कि उनके सारे आरोप बेबुनियाद हैं।
कांग्रेस भवन में मीडिया से मुखातिब किशोर ने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायकों की अमित शाह से मुलाकात यह साबित करती है कि सरकार को अस्थिर करने की कोशिश में भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका है। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, असम आदि राज्यों के बाद उत्तराखंड में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को गिराने की कोशिश की जा रही है।