1 जनवरी से महंगी होंगी कारें


 

cars_1449731571देश की बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने सभी वाहन 20,000 रुपये तक महंगे करने का फैसला किया है। कंपनी का यह फैसला 1 जनवरी से लागू होगा। यही नहीं हुंडई मोटर इंडिया भी अगले महीने से अपने वाहनों के दाम 30,000 रुपये तक बढ़ाएगी।

मारुति सुजुकी इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि लागतों में बढ़ती वृद्धि और डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने की वजह से यह फैसला लिया गया है। हुंडई पहले ही कह चुकी है कि बढ़ती उत्पादन लागत एवं प्रतिकूल विदेशी मुद्रा विनिमय दर की भरपाई के लिए वह कीमतों में इजाफा करेगी।

हुंडई मोटर इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) राकेश श्रीवास्तव ने एक बयान में कहा कि इस चुनौतीपूर्ण बाजार स्थितियों में हम उत्पादन लागत बढ़ने और डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने जैसे कारकों की वजह से कीमतों में बढ़ोतरी करने के लिए विवश हैं।

प्रस्तावित मूल्य वृद्धि जनवरी, 2016 से एलीट एवं क्रेटा सहित सभी मॉडल पर लागू हो जाएगी। पिछले दिनों चेन्नई में आई बाढ़ की वजह से कंपनी को वहां कारखाने   में कुछ दिन तक उत्पादन भी बंद करना पड़ा था।

उल्लेखनीय है कि टोयोटा, मर्सिडीज बेंज और बीएमडब्ल्यू सहित विभिन्न कार कंपनियां अगले साल जनवरी से कीमतें बढ़ाने की घोषणा पहले ही कर चुकी हैं। हुंडई तीन लाख रुपये से 30 लाख रुपये की कीमत के बीच कारों के नौ मॉडल बेचती है। इसमें इयॉन, आई10, ग्रैंड आई10, एलीट आई20, एक्टिव आई20, एक्सेंट, वरना, एलांट्रा और सांता के शामिल हैं।


Scroll To Top
Translate »