
युक्त राष्ट्र महासभा में बोलते हुए भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान और उसके पीएम नवाज शरीफ को करारा जवाब दिया. विदेश मंत्री ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और कोई इसे हमसे छीन नहीं सकता.
सुषमा स्वराज ने कहा कि सब कुछ भुलाकर हमने मित्रता के आधार पर पाकिस्तान से संबंध सुधारने की कोशिश की. जब हमारी सरकार बनी तो शपथ ग्रहण में हमने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आमंत्रित किया. मैं पाकिस्तान गई, पीएम मोदी गए, लेकिन इसके बदले में हमें पठानकोट मिला, उरी मिला और बहादुर अली मिला.
पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि जिनके घर शीशे को हों, वो दूसरों पर पत्थर नहीं उछालते. उन्होंने पूछा कि पाकिस्तान दुनिया को बताए कि बलूचिस्तान में क्या हो रहा है. बलूचिस्तान में मानवाधिकार हनन की पराकाष्ठा पार हो रही है.
आतंकवाद के खिलाफ पूरे विश्व को साथ आने की अपील करते हुए सुषमा ने कहा कि आतंकवाद खत्म करने के लिए हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ आना होगा. साथ ही पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि जो देश आतंक न रोके, उसे दुनिया अलग-थलग कर दे.
पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए सुषमा बोलीं कि आतंकवाद को पनाह कहां से मिलती है? हथियार कहां से मिलते हैं? कुछ देश आतंक बोते हैं, उगाते हैं, काटते हैं तो आतंकवाद और निर्यात भी आतंकवाद करते हैं. ये देश आतंक के शौकीन हैं.
मोदी सरकार के कामों का उल्लेख करते हुए विदेश मंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए हमने स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया है, लैंगिक समानता के लिए बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना की शुरुआत की. भारत सरकार ने दो साल में स्कूलों में 4 लाख शौचालय बनाए.
योग को पूरी दुनिया में अपनाए जाने पर विदेश मंत्री ने शुक्रिया कहा. उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी के दौर में भी भारत विश्व में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है.
https://rashtriyadinmaan.com
