
नयी दिल्ली। अभी तक की सबसे हाई प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री शीना बोरा मर्डर केस में एक नया खुलासा हुआ है। फोन कॉल्स की रिकॉर्डिंग से नई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। इसकी रिकॉर्डिंग पीटर मुखर्जी के बेटे राहुल ने की थी, जिससे यह पता चल रहा है कि बेटी की हत्या के बाद इंद्राणी मुखर्जी और पीटर ने जानकारी छिपाने की कोशिश की थी।
यह बताया जा रहा है कि इंद्राणी और पीटर ने शीना के मर्डर के बाद जानकारी को छिपाकर राहुल को गुमराह करने की कोशिश की। सीबीआई ने फोन से बातचीत के 20 में से 7 नमूनों को सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया है।
सीबीआई ने कहा कि जो भी कॉल रिकॉर्डिंग्स सामने आई हैं, उन्हें जांच एजेंसी द्वारा सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश किया जा चुका है। इनमें से एक ऑडियो टेप में राहुल पिता पीटर से शीना के बारे में पूछ रहा है। पीटर उससे कहते हैं कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। राहुल ने बातचीत में कहा कि शीना आखिरी बार इंद्राणी से मिली थी। इस पर पीटर कहते हैं कि वह जो करना चाहे करे।
जबकि दूसरे कॉल रिकॉर्डिंग में राहुल पीटर से शीना के गुमशुदगी पर चिंता जता रहा है। राहुल ने कहा कि शीना कभी दफ्तर से बंक नहीं मारती। राहुल के इस सवाल का पीटर ने कोई जवाब नहीं दिया।फिर तीसरे टेप में राहुल और इंद्राणी की बातचीत की रिकॉर्डिंग है। जिसमे इंद्राणी राहुल से कहती है कि उन्होंने शीना की कंपनी के एचआर से बात की है, तो उसने बताया कि वह आज छुट्टी पर है। फिर इंद्राणी ने कहा कि शीना की खबर मिलते ही पुलिस सूचना जरूर देगी।
शीना बोरा 24 अप्रैल 2012 से लापता थी, जिसके बाद 25 अगस्त 2015 को मुंबई पुलिस ने उसकी मां इंद्राणी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। इंद्राणी स्टार टीवी के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी हैं। इस मर्डर मिस्ट्री में समय के साथ कई नए नए रहस्य सामने आया, जिसके बाद इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना, ड्राइवर श्याम राय और फिर पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन अब ड्राइवर श्याम सरकारी गवाह बन गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
