
नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के प्रसार को रोकने के लिए 3 मई तक लॉकडाउन (Lockdown) घोषित किया गया है. इस दौरान लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health ministry) और अन्य सरकारी विभाग देश में कोरोना वायरस (Covid 19) के बढ़ते मामलों पर नजर बनाए हुए हैं. रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय, गृह मंत्रालय और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संगठन (ICMR) ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 16,116 मामले सामने आए हैं. 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 1324 मामले सामने आए हैं. 24 घंटे में देश में 31 लोगों की जान गई है. देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 13,295 केस एक्टिव हैं.
वहीं देश में अब तक 519 मौतें हुई हैं. 2302 मरीज ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया कि 20 अप्रैल से देश के कोरोना हॉटस्पॉट इलाकों में ढील नहीं दी जाएगी. लॉकडाउन का इस दौरान सख्ती से पालन किया जाए. वैक्सीन और ड्रग की टेस्टिंग के संबंध में हाईलेवल टास्क फोर्स का गठन किया गया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि 23 राज्यों के 54 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी केस सामने नहीं आया है.
गृह मंत्रालय ने कहा कि देश में लॉकडाउन का सख्ती से पालन किया जाए. हालात की समीक्षा के बाद ही छूट संबंधी कदम उठाए जाएंगे. आईसीएमआर की ओर से जानकारी दी गई कि देश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 3,86,791 जांच की गई है. शनिवार को 37,173 जांच की गईं. इनमें से 29,287 जांच आईसीएमआर की लैब में की गईं. 7,886 जांच प्राइवेट लैब में की गईं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमितों के इलाज के लिए अब तक 755 अस्पताल बनाए गए हैं. साथ ही 1,389 स्वास्थ्य केंद्र भी बनाए गए हैं. गृह मंत्रालय ने कहा कि देश में मजदूरों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. बडे़ उद्योगों में मजदूरों के रहने की व्यवस्था परिसर में ही की जाए. ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाएगी.
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा था कि पिछले कुछ दिनों के कोरोना संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण काफी संतोषजनक है. इन आंकड़ों में दिनोंदिन सुधार हो रहा है.
https://rashtriyadinmaan.com
