
मुख्यमंत्री ने रेल पार्क के ‘लोगो’ का लोकार्पण तथा
रेल पार्क के थ्री डी माॅडल का अनावरण किया
जनपद फतेहपुर में स्थापित किया जा रहा रेल पार्क, प्राइवेट इण्डस्ट्रियल पार्क के रूप में प्रदेश का पहला पार्क: प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के सतत प्रयासों से प्रदेश के औद्योगिक विकास का सपना तेजी से साकार हो रहा है। 21 व 22 फरवरी, 2018 को लखनऊ में सम्पन्न यू0पी0 इन्वेस्टर्स समिट में 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। राज्य सरकार द्वारा इनमें से 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को 29 जुलाई, 2018 को व्यावहारिक धरातल पर उतारा गया था। इसी प्रकार आगामी माह दिसम्बर, 2018 में और 01 लाख करोड़ रुपये के अन्य निवेश प्रस्तावों को भी मूर्त रूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रेल पार्क इन्वेस्टर्स मीट के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रेल पार्क के ‘लोगो’ का लोकार्पण तथा रेल पार्क के थ्री डी माॅडल का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान रेल पार्क की परिकल्पना और भविष्य की सम्भावनाओं के सम्बन्ध में एक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्य जनपदांे के मुकाबले मानव विकास सूचकांक में पीछे होने के कारण फतेहपुर जनपद को नीति आयोग द्वारा पूरे देश के चयनित 115 आकांक्षात्मक जनपदों मंे शामिल किया गया है। ऐसे जनपद में लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में निजी क्षेत्र में रेल पार्क की स्थापना सराहनीय और सम्भावनाओं से भरी है। इस मीट में रेल पार्क में निवेश हेतु अब तक 2300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 08 जनपद आकांक्षात्मक जनपदों की सूची में शामिल हैं। इन जनपदों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा रोडमैप तैयार किया गया है। इन आठ जनपदों में से चार जनपदों में राजकीय मेडिकल काॅलेजों की स्थापना की जा रही है। फतेहपुर जनपद में भी राजकीय मेडिकल काॅलेज का निर्माण कराया जा रहा है। मेडिकल काॅलेज आस-पास के क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण कारक होता है। रेल पार्क की स्थापना भी इसी प्रकार की विकास गतिविधियों को बढ़ाने वाला कार्य है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन संस्थाओं के निर्माण से फतेहपुर जनपद विकास की मुख्य धारा में शामिल हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कनेक्टिविटी की स्थिति अच्छी है। राज्य के औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए इसका और विस्तार किया जा रहा है। ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट काॅरिडोर प्रदेश में बड़े भू-भाग से गुजरेगा। पूर्वान्चल एवं बुन्देलखण्ड एक्सपे्रस-वे के निर्माण से कनेक्टिविटी की स्थिति और बेहतर हो जाएगी, जिससे आजादी के बाद से ही प्रदेश के पिछड़े रह गये क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो जाएंगे। एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। पूर्व में, प्रदेश के केवल तीन हवाई अड्डे क्रियाशील थे। वर्तमान में प्रयागराज, आगरा और कानपुर भी कार्यशील हो गये हैं। उड़ान योजना के तहत 11 नये एयरपोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। अगले वर्ष तक कुशीनगर हवाई अड्डे को अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए कार्यशील कर दिया जाएगा। जेवर मंे नये अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि रेल पार्क की स्थापना से जनपद फतेहपुर को पहचान मिलेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब औद्योगिक विकास के एक नये युग की शुरुआत हो गयी है। जनपद फतेहपुर के रेल पार्क की भांति अन्य क्षेत्रों में भी औद्योगिक पार्क विकसित किये जाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश में निवेश करने वालों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आने दी जाएगी।
मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिकीकरण एक नये चरण में पहुंच गया है। यह पार्क प्रदेश के उज्ज्वल औद्योगिक भविष्य का शुभ संकेत है। राज्य में अन्य स्थानों पर भी ऐसे पार्क स्थापित किये जाएंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ए0बी0ए0 इन्फ्राटेक प्रा0लि0 के चेयरमैन श्री अली खान ने कहा कि जनपद फतेहपुर में रेल पार्क की स्थापना भारतीय रेल, ए0बी0ए0 इन्फ्राटेक तथा उत्तर प्रदेश सरकार के त्रिपक्षीय करार के माध्यम से हो रही है। इसमें लगभग 2500 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। कार्यक्रम को रेलवे बोर्ड के सदस्य श्री राजेश अग्रवाल तथा लालगंज माॅडर्न कोच फैक्ट्री के जनरल मैनेजर श्री सुनीत शर्मा ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री आशुतोष टण्डन, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री सुरेश राणा, कारागार राज्य मंत्री श्री जय कुमार सिंह जैकी, कृषि राज्य मंत्री श्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह (धुन्नी सिंह) सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, तथा बड़ी संख्या उद्यमी और निवेशक उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
