
3448 लाख रु0 की विभिन्न योजनाओें का शिलान्यास एवं
253.38 लाख रु0 की 17 योजनाओं का लोेकार्पण
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद फिरोजाबाद के पुलिस लाइन प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम में 3448 लाख रुपए की विभिन्न योजनाओें का शिलान्यास एवं 253.38 लाख रुपए की 17 योजनाओं का लोेकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए जनपद के सोफीपुर में 400 के0वी0ए0 का विद्युत स्टेशन एवं आसफाबाद में ओवरब्रिज बनाए जाने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी व कचरा प्रबन्धन का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री द्वारा इस मौके पर 2000 लाभार्थियों को नवीन निर्मित शौचालय, 1000 महिला समूहों को रिवाॅल्विंग फण्ड के स्वीकृति पत्र, 2680 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाभी, 476 लाभार्थियों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ का स्वीकृति पत्र, 500 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन नवीन स्वीकृति पत्र, 46 लाभार्थियों को व्यक्तिगत शादी अनुदान के स्वीकृति पत्र, 250 लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन के स्वीकृति पत्र तथा 1500 आशा बहुओं को मोबाइल वितरित कर लाभान्वित किया गया।
अपने सम्बोधन में योगी ने कहा कि राज्य सरकार जनपद फिरोजाबाद के कांच उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में लखनऊ में सम्पन्न ‘उ0प्र0 इन्वेस्टर्स समिट-2018’ में जनपद के कांच उद्योगपतियों द्वारा 833 करोड़ रुपए के एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित होने पर उन्होंने धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आलू का उत्पादन सर्वाधिक होता है, परन्तु अभी तक उनके लिए कोई योजना उपलब्ध नहीं थी। पहली बार वर्तमान सरकार द्वारा आलू का समर्थन मूल्य घोषित किया गया। आलू उत्पादक किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए आलू विकास बोर्ड का भी गठन किए जाने का निर्णय भी वर्तमान सरकार द्वारा लिया गया है। साथ ही, उनके संरक्षण के लिए एक बड़ी कार्य योजना बनाने का भी निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने नए शिक्षा सत्र में ‘स्कूल चलो अभियान’ में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि 2 अप्रैल, 2018 से प्रारम्भ हो रहे इस अभियान में कोई भी बच्चा स्कूल जाने से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने छुटटा गोवंश के लिए गौशालाओं के प्रबन्धन के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए सभी जनपदवासियों को बधाई देते हुए योगी जी ने कहा कि जनपद फिरोजाबाद की दो विशेषताएं, एक यहां के उद्यमी और दूसरे यहां के किसान है। यहां के उद्यमियों ने अपने कौशल से जनपद फिरोजाबाद की कार्य कुशलता को दुनिया के समक्ष प्रस्तुत किया। वहीं दूसरी ओर यहाँ के आलू उत्पादक किसान ने अपनी विशिष्टता के माध्यम से दुनिया में अपनी अलग पहचान बनायी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यहां के उद्यमियों और किसानों को संरक्षण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फिरोजाबाद में कांच उद्योग की अपार सम्भावनाओं के दृष्टिगत इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में कांच उद्योग को शामिल करके राज्य सरकार इसके विकास पर पूरा ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में फसल ऋण मोचन योजना के माध्यम से लगभग 42 हजार किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। गत वर्ष उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), शादी अनुदान योजना आदि योजनाओं से बड़ी संख्या में जनपदवासियों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कांच उद्योग के श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के बच्चों के लिए एक विशेष आवासीय विद्यालय बनाए जाने की कार्य योजना पर कार्य कर रही हैं। राज्य सरकार सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्यवाही कर रही है। साथ ही, गरीबों को पट्टा देने की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की समस्या को देखते हुए मिट्टी को सभी प्रकार की राॅयल्टी से मुक्त कर दिया गया है। मिट्टी ले जा रहे किसान को यदि कोई पुलिस अथवा राजस्व कर्मचारी परेशान करेगा, तो उस पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि गत एक वर्ष में उत्तर प्रदेश को नयी दिशा देने का प्रयास किया गया है। सरकार ने प्रयास किया है कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक नागरिक भयमुक्त वातावरण में रह सके।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी सुश्री नेहा शर्मा ने विगत एक वर्ष में जनपद की उपलब्धियों का विवरण दिया। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री श्री एस0पी0 सिंह बघेल, विधायक श्री मनीष असीजा, मुख्य विकास अधिकारी श्री अशोक कुमार ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर सूचना राज्यमंत्री डाॅ0 नीलकन्ठ तिवारी, मेयर सुश्री नूतन राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
