
चुनाव नतीजों से ठीक पहले घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली है. मंगलवार के दिन दोनों प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी 1 फीसदी तक लढ़क गए. एक्सपर्ट्स का कहना है कि कारोबार के शुरुआत में बाजार नए शिखर पर खुले, लेकिन ऊपरी स्तर पर निवेशकों की ओर से हुई मुनाफावसूली के चलते बाजार अंत में गिरकर बंद हुए. बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 382.87 अंक यानि 0.97 फीसदी की गिरावट के साथ 38970 के नीचे बंद हुआ है. वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 120 अंक यानि 1.01 फीसदी की कमजोरी के साथ 11,709.10 के स्तर पर बंद हुआ है.
एसकोर्ट सिक्योरिटी के रिसर्च हेड आसिफ इकबाल ने बताया कि इतनी बड़ी तेजी के बाद मुनाफावसूली की संभावनाएं पहले से थी. निवेशक नतीजों से पहले बड़ी खरीदारी करने से बच रहे है.
कुछ ऐसा रहा दिनभर शेयर बाजार-सोमवार को शेयर बाजार में 10 साल की रिकॉर्ड तोड़ तेजी देखने को मिली. लेकिन मंगलवार को ऊपरी स्तरों से निफ्टी और बैंक निफ्टी में हुई मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स निफ्टी फिसल गए. दिग्गज शेयरों के साथ ही मिड और स्मॉल कैप शेयरों में भी दबाव रहा. बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.84 फीसदी टूटकर 14695 के स्तर पर बंद हुआ है. वहीं स्मॉल कैप इंडेक्स 0.61 फीसदी टूटकर 14292 के स्तर पर बंद हुआ है. क्रूड में आए उछाल के चलते तेल- गैस शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला. बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 1.3 फीसदी टूटकर बंद हुआ है.
एचडीएफसी बैंक ने नया रिकॉर्ड बनाया. इसका मार्केट 6 लाख 20 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया और ये अकेले ही 22 सरकारी बैंकों के बराबर मार्केट कैप वाली कंपनी बन गई. पूरे एचडीएफसी ग्रुप की बात करें तो एचडीएफसी ग्रुप 11.5 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ टाटा ग्रुप से आगे निकल गया.
बैंकिंग शेयर भी दबाव में कामकाज करते नजर आए. निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.26 फीसदी और प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.50 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए है. बैंकिंग शेयरों पर दबाव के चलते बैंक निफ्टी 1.47 फीसदी टूटकर 30305 के करीब बंद हुआ है.
ऑटो, आईटी, मेटल और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली. निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 2.52 फीसदी, आईटी इंडेक्स 1.26 फीसदी, मेटल इंडेक्स 1.55 फीसदी और रियल्टी 0.4 फीसदी टूटकर बंद हुआ है.
https://rashtriyadinmaan.com
