नई दिल्ली| सरकार ने नेस्ले कंपनी के ब्रांड मैगी की सभी नौ किस्मों की बिक्री पर पूरे देश में पाबंदी लगा दी। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कहा, ‘मैगी के नौ नूडल खाने के लिहाज से असुरक्षित और खतरनाक हैं। इसलिए कंपनी तुरंत इनकी बिक्री और उत्पादन पर रोक लगाए।’
15 दिन में जवाब दें: खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने नेस्ले को कारण बताओ नोटिस जारी करके पंद्रह दिन के अंदर जवाब मांगा है। नियामक का कहना है कि नेस्ले ने उत्पाद मंजूरी लिए बगैर और बिना जोखिम एवं सुरक्षा आकलन के मैगी ओट्स मसाला नूडल्स पेश किया है। इसलिए मैगी की सभी नौ किस्में तुरंत बाजार से वापस लेने का आदेश दिया है।
एफएसएसएआई के मुख्य कार्यकारी वाईएम मलिक ने बताया, कंपनी को तीन दिन में बाजार से मैगी हटाने के आदेश पर रिपोर्ट देने को कहा गया है। साथ ही यह प्रक्रिया पूरी होने तक रोज प्रगति रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया गया है।
भारत की जांच पर सवाल! : नेस्ले के ग्लोबल सीईओ पॉल से जब यह पूछा गया कि क्या वह भारतीय लैब में हुई जांच पर सवाल उठा रहे हैं तो उन्होंने इस बात से इनकार किया। पॉल ने कहा, ‘सबकी जांच का तरीका अलग-अलग हो सकता है। हम भारत का तरीका समझेंगे।’
https://rashtriyadinmaan.com
