
मुंबई/पटना | फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला अब राजनीतिक दलों की आपसी रस्साकशी की वजह बन गया है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार की ओर से सुशांत की मौत के मामले की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश करने के बाद अब शिवसेना (Nitish Kumar) ने उनके फैसले पर सवाल उठाए हैं।
शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा है कि अगर सुशांत की मौत के मामले की जांच होनी है तो इसे सिर्फ सीबीआई ही कर सकती है और बिहार की पुलिस एवं सरकार का इसमें कोई पक्ष नहीं है। वहीं पार्टी नेता संजय राउत ने भी इस मामले पर बिहार सरकार और पुलिस को कठघरे में खड़ा किया है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने ट्वीट में लिखा है,’अगर बिहार के सीएम का बयान जैसा कि मीडिया में बताया जा रहा वैसा ही है तो ये उनके लिए एक राजनीतिक मुद्दा है और इसका उद्देश्य सुशांत को इंसाफ दिलाना नहीं है। सीबीआई जांच का फैसला सिर्फ महाराष्ट्र की सरकार ले सकती है और बिहार पुलिस एवं सरकार का इसमें कोई पक्ष नहीं है।’
वहीं शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है कि किसी भी मामले में बिहार की पुलिस मुंबई में आकर जानकारी ले सकती है,लेकिन जांच नहीं कर सकती। अगर आप समानांतर जांच करेंगे तो मुझे लगता है कि ये मुंबई पुलिस के साथ अन्याय होगा।
इससे पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह की एफआईआर के आधार पर सीबीआई को जांच की अनुशंसा भेज दी है। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को निर्देश दिया कि वो सुशांत के केस में CBI जांच से जुड़ी कार्रवाई जल्द शुरू करें ताकि केस को सीबीआई के हवाले किया जा सके। इसी बीच सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय से बात की। सारी प्रक्रिया के बाद बिहार सरकार की तरफ से सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी गई।
https://rashtriyadinmaan.com
