सीरिया में सैनिक भेजे तो छिड़ सकता है विश्व युद्ध


DmitryMedvedev

सीरिया में जमीनी जंग के लिए सैनिक भेजने के सऊदी अरब, तुर्की के इरादों पर रूस भड़क उठा है। जर्मनी पहुंचे रूस के प्रधानमंत्री दमित्री मेदवदेव ने शुक्रवार को धमकी दी कि ऐसा करने से धरती पर एक और विश्व युद्ध छिड़ सकता है।

दरअसल, ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सीरिया में जमीनी फौज भेजने की सऊदी अरब और तुर्की की पहल के बाद अमेरिका भी इसमें शामिल हो सकता है। राष्ट्रपति बशर अल असद के नेतृत्व वाली सीरियाई फौजों के अलेप्पो में बढ़त बनाने से चिढ़े सऊदी अरब और तुर्की ने यह रुख दिखाया है। अलेप्पो के आधे से ज्यादा हिस्से पर आईएस, अल नुसरा फ्रंट, अहरार अल शाम जैसे कई विद्रोही गुटों का कब्जा है। सऊदी अरब, तुर्की सीरिया में असद विरोधी विद्रोही गुटों की गुपचुप मदद कर रहे हैं। रूस असद के समर्थन में खड़ा है।

सीरिया पर वार्ता के लिए म्यूनिख पहुंचे रूसी पीएम ने एक इंटरव्यू में आगाह किया कि जमीनी फौज उतारने का कोई भी प्रयास स्थायी युद्ध की ओर ले जाएगा। सबको पता है कि अफगानिस्तान और लीबिया में क्या हुआ। लिहाजा सभी पक्षों को वार्ता की मेज पर बैठकर हल निकालना चाहिए। उल्लेखनीय है कि रूसी हवाई हमलों की मदद से कुर्द विद्रोहियों ने तुर्की-सीरिया सीमा पर एक हवाई ठिकाने पर कब्जा कर लिया है, जिससे तुर्की चिढ़ा है। अलेप्पो में हवाई हमले को लेकर अमेरिका और रूस में तनातनी बढ़ी है।


Scroll To Top
Translate »