इस साल भारत रत्न नहीं दिया जाएगा
दिल्ली | केंद्र सरकार ने इस साल पद्म पुरस्कार से सम्मानित होने वाले नामों की घोषणा कर दी है. द हिंदू के मुताबिक इस बार पद्म विभूषण के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के शरद पवार और भाजपा के मुरली मनोहर जोशी जैसे कद्दावर नेताओं को चुना गया है. इनके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, गायक कैलाश खेर, पार्श्व गायिका अनुराधा पौडवाल, पहलवान साक्षी मलिक, जिमनास्ट दीपा करमाकर और शेफ संजीव कपूर समेत फिल्म समीक्षक भावना सोमैया जैसी जानी-मानी हस्तियों के नामों का चयन पद्म श्री के लिए हुआ है. इस साल अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि और योगदान के लिए 120 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
इस साल पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वालों में और भी कई बड़े नाम शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक सामाजिक कार्यों के लिए नेपाल की अनुराधा कोइराला, झारखंड के किडनी सर्जरी विशेषज्ञ डॉ मुकुट मिंज, मधुबनी पेटिंग की कलाकार बिहार की बओआ देवी, उड़ीसा के फिल्म कलाकार साधु महार और पूर्व विधि सचिव टी के विश्वनाथन को भी पद्म पुरस्कार के लिए चुना गया है.
इस साल पद्म पुरस्कार के लिए उन लोगों का भी चयन किया गया है जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किए हैं लेकिन उनके नाम बहुत ज्यादा लोकप्रिय नहीं हैं. जैसे हलाक्की-वोक्कालिगा जनजाति की स्वरकोकिला कही जाने वाली 75 वर्षीय सुकरी बोम्मा गोवड़ा, जिन्हें कर्नाटक की जनजातियों से जुड़े संगीत के लिए जाना जाता है, पद्म पुरस्कार की सूची में शामिल हैं.
बीती मई में सरकार ने पुरस्कार के लिए नामांकन मांगे थे. जिसके बाद प्रस्तावित हुए 5000 नामों में से 500 लोगों के नामों की छंटनी बीते दिसबंर में की गई थी.
उच्च स्तरीय आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस साल देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न नहीं दिया जाएगा.
https://rashtriyadinmaan.com

