मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उ0प्र0 एसोसिएशन आॅफ नाॅर्थ अमेरिका द्वारा आयोजित ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट एण्ड टूरिज्म’ ईवेन्ट को सम्बोधित किया

लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्यमियों और निवेशकों सेे आह्वान किया कि वे सभी देश की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन डाॅलर और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन डाॅलर बनाने में अपना सहयोग प्रदान कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करें। उद्यमियों और निवेशकों के सहयोग से देश व प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक तौर पर नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। इन सभी के सहयोग से हम उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि निवेशकों की सहूलियत के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित करने वाले उद्यमी के साथ एक नोडल अधिकारी लगाया गया है, जो उनसे फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करता है और एम0ओ0यू0 के क्रियान्वयन की विभिन्न स्टेजों के विषय में भी जानकारी देता है।
मुख्यमंत्री रविवार देर रात वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उ0प्र0 एसोसिएशन आॅफ नाॅर्थ अमेरिका द्वारा आयोजित ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट एण्ड टूरिज्म’ ईवेन्ट को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतवंशियों ने अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से विश्व में अपनी पहचान स्थापित की है। मातृभूमि के प्रति उनका लगाव सराहनीय है। भारत और उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में प्रवासी भारतवंशियों की रुचि और सकारात्मक सहयोग की इच्छा सराहनीय है।
इस अवसर पर उद्यमी श्री राकेश अग्रवाल, श्री आकाश अग्रवाल, श्री राजेश श्रोत्रिय, डाॅ0 देवेन्द्र शुक्ला, डाॅ0 अनिल चोपड़ा तथा श्री राजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री जी से संवाद किया और अपने विचार व्यक्त किए। इन उद्यमियों/निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 03 वर्षों में राज्य में निवेश का बेहतर माहौल बना है। अब बाहर रहने वाले निवेशक भी उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। वे सभी राज्य के सामाजिक कार्यों में भी सरकार के साथ सहयोग करना चाहते हैं।
निवेशकगण श्री राकेश अग्रवाल, श्री आकाश अग्रवाल तथा श्री राजेश श्रोत्रिय ने फार्मा सेक्टर में, श्री देवेन्द्र शुक्ला ने उद्यमिता विकास, श्री अनिल चोपड़ा ने साॅफ्टवेयर पार्क तथा सोलर/विण्ड इनर्जी, श्री राजीव अग्रवाल ने नोएडा में शिक्षा, मनोरंजन, चिकित्सा/नेत्र चिकित्सालय के मेगा प्रोजेक्ट स्थापित करने में रुचि दिखायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। लगभग 24 करोड़ जनसंख्या का यह प्रदेश एक बड़ा बाजार भी है। उत्तर प्रदेश पर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा है। इस कृपा को सौभाग्य में बदलने की जरूरत है, जिससे प्रदेशवासियों का आर्थिक उन्नयन कर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसमें प्रवासी भारतवंशियों का सहयोग उपयोगी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सम्भावनाओं को साकार करने के लिए कानून का राज आवश्यक है। वर्तमान राज्य सरकार ने इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था अन्य राज्यों के लिए उदाहरण है। उद्यमियों और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए शांति एवं कानून व्यवस्था महत्वपूर्ण कारक तत्व है। राज्य सरकार ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने के साथ ही, उद्यमियों और निवेशकों के लिए सेक्टरवार नीतियां बनाकर लागू की हैं। हर क्षेत्र में निवेश के लिए नीतियां तैयार की गई हैं। सिंगल विण्डो प्लेटफाॅर्म के रूप में ‘निवेश मित्र पोर्टल’ विकसित किया गया है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से ‘ईज आॅफ डुइंग बिजनेस’ में राज्य आज देश में दूसरे स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 04 शहरों लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल संचालित है। आगरा एवं कानपुर नगरों में मेट्रो रेल के निर्माण की कार्यवाही जारी है। इसके अलावा, अन्य शहरों में भी मेट्रो रेल बनाने की योजना है। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल के अलावा दिल्ली-मेरठ 12 लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी हो रहा है। साथ ही, मेरठ से हरिद्वार को जोड़ने के लिए गंग नहर के दोनों किनारों पर मार्ग निर्माण कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ऊर्जा सेक्टर में प्रदेश सरकार द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया गया है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करायी जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र में ओपेन एक्सेस की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्रा0लि0 उत्तर प्रदेश में 05 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर रही है। प्रदेश में डेटा सेण्टर के लिए 6,000 करोड़ रुपए का निवेश सम्भावित है। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए जो तत्परता दिखायी है, उसके परिणामस्वरूप विगत 03 वर्षों में 03 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक फिल्म सिटी के निर्माण की कार्यवाही भी प्रगति पर है। गौतमबुद्धनगर के जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी की दूरी मात्र 06 कि0मी0 है। फिल्म सिटी के लिए 01 हजार एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। उत्तर प्रदेश इण्डस्ट्रियल डिफेंस काॅरिडोर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। काॅरिडोर के 06 नोड अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, झांसी, आगरा, चित्रकूट हैं। प्रदेश में शुगर इण्डस्ट्री में भी व्यापक सम्भावनाएं हैं। राज्य में कुल 119 चीनी मिलें संचालित हैं। उत्तर प्रदेश के आग्रह पर भारत सरकार ने ग्रीन इनर्जी के रूप में एथेनाॅल बनाने की अनुमति दी है। साथ ही, चीनी मिलों में कोजेन प्लाण्ट एवं डिस्टेलरी की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग में भी प्रदेश में व्यापक सम्भावनाएं हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
