मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग के नवनिर्मित भवन ‘पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर’ का लोकार्पण किया


मीडिया कर्मियों को 05 लाख रु0 तक के उपचार हेतु स्वास्थ्य बीमा तथा कोविड-19 के संक्रमण से दुर्भाग्यवश निधन की स्थिति में दिवंगत मीडिया कर्मी के आश्रितों को 10 लाख रु0 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी

लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत संवाद है। लोकतंत्र को इसीलिए शासन की सबसे अच्छी प्रणाली माना जाता है, क्योंकि संवाद के माध्यम से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान सम्भव है। संवाद के माध्यम से संघर्ष को टाला जा सकता है। मीडिया संवाद का सशक्त माध्यम है। इस माध्यम को और सुदृढ़ किये जाने की आवश्यकता है। इसके दृष्टिगत उन्होंने नवनिर्मित पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर में मीडिया कर्मियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के मीडिया कर्मियों को 05 लाख रुपये तक के उपचार हेतु स्वास्थ्य बीमा तथा कोविड-19 के संक्रमण से दुर्भाग्यवश निधन की स्थिति में दिवंगत मीडिया कर्मी के आश्रितों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी की जयन्ती पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवनिर्मित भवन ‘पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर’ के लोकार्पण के अवसर पर व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कार्याें को आमजन तक पहुंचाने का कार्य सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा किया जाता है। यह विभाग शासन व प्रशासन तथा आमजन के बीच में सेतु का कार्य करता है। सूचना विभाग का दायित्व है कि शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाए, जिससे अधिक से अधिक प्रदेशवासी उनसे लाभान्वित हो सकें। महान देशभक्त और अन्त्योदय के प्रणेता के नाम पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवीन भवन का नामकरण किये जाने के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन पं0 दीन दयाल उपाध्याय की भावना और व्यक्तित्व के अनुरूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की लोकल को वोकल की संकल्पना के अनुसार स्थानीय उत्पादों की ब्राॅण्डिंग की जानी चाहिए। इसे ध्यान में रखते हुए इस नवनिर्मित भवन में ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के उत्पादों को डिस्प्ले किया जाना चाहिए। ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना आत्मनिर्भर भारत पैकेज का आधार बन सकती है। उन्होंने कहा कि लोक भवन में ओ0डी0ओ0पी0 के उत्पादों को डिस्प्ले किया गया है। राज्य सरकार के सभी भवनों में इस तरह के डिस्प्ले की व्यवस्था की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को इस नवीन भवन के निर्माण के लिए भूमि निःशुल्क शिक्षा विभाग से प्राप्त हुई है। सूचना विभाग द्वारा भी अपना पुराना भवन डाॅ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय के विस्तार के लिए स्वास्थ्य विभाग को प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय के विस्तार से जनपद लखनऊ सहित प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई व्यक्ति जैसे परिवेश में रहता है, वैसी ही उसकी सोच भी होती है। पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी की संकल्पना अन्त्योदय की थी। पं0 दीन दयाल उपाध्याय ने आदि शंकराचार्य के सम्बन्ध में लिखा है कि वह एक संन्यासी थे। उन्होंने अपने मोक्ष के लिए संन्यास धारण किया था, लेकिन लोकमंगल के लिए चार धामों की स्थापना की। आदि शंकराचार्य के सम्बन्ध में ही एक कथा की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लोकमंगल के कार्याें के निष्पादन के लिए संवेदनशीलता सर्वाधिक आवश्यक है। आखिरी पायदान के व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता से ही पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय के स्वप्न साकार किये जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह कार्य टीम वर्क से सम्भव हुआ है। राज्य सरकार की विभिन्न टीम अलग-अलग कार्य सम्पादित कर रही हैं। कोई टीम गरीब मजदूरों के सम्बन्ध में विचार-विमर्श कर निर्णय लेती है। कोई टीम इन्फ्रास्ट्रक्चर को तेजी से आगे बढ़ाने के सम्बन्ध में कार्ययोजना तैयार करती है। कोई टीम शिक्षा के क्षेत्र में आॅनलाइन पढ़ाई की कारगर व्यवस्था के लिए कार्य करती है। विभिन्न टीमों द्वारा किये गये कार्याें पर मंत्रिपरिषद द्वारा निर्णय लिया जाता है और प्रशासन द्वारा लिये गये निर्णयों को लागू किया जाता है। इस प्रकार, निरन्तर प्रयास कर हम अच्छे परिणाम अर्जित कर पाए हैं।

उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवीन भवन ‘पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर’ के लोकार्पण पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नवीन भवन राज्य सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार में उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यक्रम के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए विधान परिषद सदस्य श्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि गांव, गरीब, किसान के उत्थान के सपने को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा पूरा किया जा रहा है। केन्द्र व राज्य सरकारें आखिरी पायदान के लोगों के लिए छत, शौचालय, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के अन्त में, अपर मुख्य सचिव सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी की जयन्ती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि पंडित जी की संकल्पना अन्तिम व्यक्ति के उत्थान की थी। सूचना तंत्र भी अन्तिम व्यक्ति तक सूचना पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग मुख्यमंत्री जी के निर्देश के अनुरूप मीडिया के लिए अत्याधुनिक तकनीक से युक्त सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के उत्पादों को नवनिर्मित भवन में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के अन्तिम पायदान के व्यक्ति को आगे ले जाने में योगदान कर उत्तर प्रदेश को नम्बर एक राज्य बनाना ही हमारा उद्देश्य है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना, जल शक्ति मंत्री डाॅ0 महेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, निदेशक सूचना श्री शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
——–


Scroll To Top
Translate »