पर्स लूट की इस घटना के त्वरित निस्तारण के लिए मौके के आसपास स्थापित सरकारी व प्राईवेट सी0सी0 कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है
लखनऊ: ‘1090’ विमेन पावर लाइन तथा डायल ‘100’ पर एक पीडि़ता की काॅल के रिसीव न होने की घटना का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने बी0एस0एन0एल0 से नेटवर्क की समस्या तत्काल दूर करने का अनुरोध किया है।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने ‘1090’ के लिए काॅलिंग लाइन्स की संख्या को दोगुना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ‘1090’ काॅल सेण्टर में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या को दोगुना करने का निर्णय भी लिया है।
प्रवक्ता ने बताया कि काॅल फेल्योर की शिकायत मिलते ही राज्य सरकार ने इस मामले की पूरी छानबीन करायी। इससे यह तथ्य सामने आया कि नेटवर्क की समस्या के कारण पीडि़ता का विमेन पावर लाइन से सम्पर्क नहीं हो सका। काॅल रिसीव न होने की ऐसी घटना की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो इसके लिए बी0एस0एन0एल0 से ‘1090’ विमेन पावर लाइन तथा डायल ‘100’ से सम्पर्क करने सम्बन्धी तकनीकी बाधाएं दूर करने की अपेक्षा की गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि विमेन पावर लाइन एवं माॅडर्न कंट्रोल रूम में नेटवर्क की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रमुख सचिव गृह ने बी0एस0एन0एल0 के मुख्य महाप्रबन्धक को पत्र लिखकर इस समस्या को दूर कराने की पुख्ता व्यवस्था को कहा है।
प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस ने अपनी तरफ से इस घटना के सम्बन्ध में एफ0आई0आर0 दर्ज कर ली है और लुटेरे पीडि़त लड़की का पर्स जिस दिशा में लूटकर भागे थे, उस दिशा में लगाए गए सभी सरकारी तथा प्राईवेट सी0सी0 कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के सम्बन्ध में कोई जानकारी मिल सके।
उल्लेखनीय है कि ‘1090’ विमेन पावर लाइन की शुरुआत महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए नवम्बर, 2012 में की गई थी। विमेन पावर लाइन के 1090 नम्बर पर पूरे प्रदेश के किसी भी स्थान से किसी भी टेलीफोन, चाहे वो किसी भी आॅपरेटर कम्पनी जैसे बीएसएनएल या निजी क्षेत्र की दूसरी कम्पनियों का हो, उससे सीधे काॅल की जा सकती है। विमेन पावर लाइन ‘1090’ के अन्तर्गत वर्ष 2015 में अब तक 1 लाख 30 हजार से ज्यादा शिकायतों का निस्तारण किया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
