लखनऊ| कन्नौज से सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने कहा कि प्रदेश में फिर से समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों में महिलाओं की उम्र सीमा को समाप्त किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सूबे की तरक्की और खुशहाली के लिए विकास के बहुत काम किये है। इसलिए विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में एक बार फिर से श्री अखिलेश यादव के नेतृृत्व में सरकार बननी चाहिए। जनसभा को संबोधित करते हुए फिल्म अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद श्रीमती जया बच्चन ने कहा कि राज्य के विकास के लिए श्री अखिलेश यादव का एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनाना जरूरी है।
श्रीमती डिम्पल यादव ने कानपुर नगर के रेसकोर्स ग्राउण्ड में सपा उम्मीदवार श्रीमती अरूणा तोमर के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह विधानसभा का चुनाव उत्तर प्रदेश के साथ ही देश की राजनैतिक दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार और उसके मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव हमेशा महिलाओं की तरक्की और उनके कल्याण के लिए संकल्पबद्ध रहे। प्रदेश में फिर से सपा की सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों में महिलाओं की उम्र सीमा को समाप्त किया जायेगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा वाली सरकार ने देश की जनता को धोखा दिया है। नोट बंदी करके केन्द्र सरकार ने देश को मुसीबत में डाल दिया। नोटबंदी से जो परेशानियां हुई है उसका बदला लेने का समय आ गया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को हरा कर बदला लीजिए।
श्रीमती डिम्पल यादव ने कहा कि आप लोग इस चुनाव में हमारी पार्टी के उम्मीदवारों को मत देखिये। यह आपके प्रिय भइया (अखिलेश यादव) का चुनाव हैं इसलिए वोट देते समय सपा उम्मीदवार के बारे में न सोचकर अपने भइया के चेहरे को याद करके वोट दीजिएगा। आपके मुख्यमंत्री ने आप लोगों के हित में विकास के बहुत से काम किए हैं और अभी बहुत सारा काम करना बाकी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती जया बच्चन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने विकास के बहुत काम किए हैं लेकिन अभी बहुत से काम करने बाकी हैं। इसलिए अखिलेश यादव को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहिए। विधानसभा के इस चुनाव में श्री अखिलेश यादव के बराबर का कोई नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री अखिलेश यादव मेरे बेटे जैसे हैं। मैं आप लोगों से अपने बेटे के लिए वोट मांगने आई हूूं।
https://rashtriyadinmaan.com
