
मुख्यमंत्री भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में अपनी सरकार के दो साल पूरे होने पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने प्रदेश की बीमारू राज्य की छवि दी। वर्ष 1990 के बाद सपा के चार बार और बसपा के तीन बार के कार्यकाल में अराजकता, हत्या, लूट फिरौती के लिए अपहरण, खनन माफिया, वन माफिया और भूमाफियाओं का लम्बा सिलसिला चला। खनन, स्मारक घोटाले प्रदेश की पहचान बन गए। खनन घोटालों पर तो एनजीटी और हाईकोर्ट को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। कैराना और कांधला में आमजन और व्यापारी पलायन करने के लिए मजबूर हुए। पिछली सरकारों की कृषि विरोधी नीतियों के कारण किसान आत्महत्या करने लगे। गुण्डाराज चरम पर पहुंचा। उस समय प्रदेश की छवि पर संकट खड़ा हो गया। दो साल पहले प्रदेश की चर्चा इन्हीं कारणों से होती थी। हमारी सरकार ने अपनी योजनाओं और कार्यशैली से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया।
मुख्यमंत्री ने पूववर्ती सरकारों और अपनी सरकार की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार में 2012 से दंगो की श्रृंखला शुरू हुई। 2012 में 227, 2013 में 247, 2014 में 242, 2015 में 219 और 2016 में 100 दंगे हुए। इन दंगों हजारों नागरिक मारे गए और हजारों करोड़ की सम्पत्ति का नुकसान हुआ जबकि हमारी सरकार के दो साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। एसिड अटैक और फिरौती के लिए अपहरण की घटनाएं बंद हो गईं। साढ़े तीन हजार से अधिक पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुईं। आठ हजार बदमाश गिरफ्तार हुए। एक हजार घायल हुए। 73 बदमाश मारे गए। 12 हजार बदमाशों ने कोर्ट के सामने सरेंडर कर दिया। मुठभेड़ों में आधा दर्जन जवान भी शहीद हुए। अपराधों पर लगाम लगाने की वजह से कांधला और कैराना सरीखे कस्बों से पलायन कर गए लोग फिर अपने घरों में वापस आ गए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का माहौल बदलने से देश-विदेश के निवेशक प्रदेश में उद्यम लगाने के लिए आने लगे। इन्वेस्टर्स समिट में करीब पांच लाख करोड़ के निवेश के आवेदन आए। जहां 2012 से 2017 के बीच केवल 56 हजार करोड़ का निवेश हुआ। वहीं हमारी सरकार में दो साल में ही डेढ़ लाख करोड़ का निवेश करके उद्यमी अपना उद्योग लगाने लगे। पिछले 10 सालों में जितना निवेश नहीं हुआ। हमारी सरकार ने दो साल में उससे भी 50 फीसदी ज्यादा निवेश प्रदेश में कराया।
बढ़े निवेश के चलते 15 लाख युवाओं के रोजगार की व्यवस्था हुई। जहां पहले की सरकार नौकरी के नाम पर वसूली का धंधा शुरू कर देती थीं। पिछले दो साल में हमारी सरकार ने सवा दो लाख सरकारी नौकरी पूरी पारदर्शिता के साथ और योग्य लोगों को दीं। कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं के ट्रेंड कर चार लाख युवाओं को रोजगार दिलाया गया। ओडीओपी के तहत 6 लाख छोटे मझोले उद्योगों को बढ़ाया गया। इसके तहत 15 लाख युवाओं के रोजगार की व्यवस्था की गई। 1.78 लाख लोगों को मुद्रा योजना के तहत 17000 करोड़ रुपये का कर्ज दिलाया।
https://rashtriyadinmaan.com
