प्रकृति एक विराट शरीर की तहर है। जीव-जन्तु, वृक्ष-वनस्पति, नदी-पहाड़ आदि उसके अंग -प्रत्यंग है। इनके परस्पर सहयोग से यह वृहद शरीर स्वस्थ और सन्तुलित है। जिस प्रकार मानव शरीर के किसी एक अंग में खराबी आ जाने से पूरे शरीर के कार्य में बाधा पड़ती है, उसी प्रकार प्रकृति के घटकों से छेड़छाड़ करने पर प्रकृति की व्यवस्था असंतुलित हो जाती है। इसलिए इस व्यवस्था को बनाये रखना है तो वृक्ष लगाना जरूरी है। उक्त बातें वरिष्ठ समाजसेविका तथा सामाजिक संस्था ‘बी अवेयर फाउंडेशन’ की संरक्षिका श्रीमती अपर्णा यादव ने जनपद उन्नाव में ‘जनपद उन्नाव महोत्सव’ समिति व्दारा पर्यावरण को संरक्षित करने के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण अभियान ‘ वृक्ष लगाओ पर्यावरण सुंदर बनाओ’ के तहत प्रथम चरण में जिलाधिकारी कार्यालय में वृक्षारोपण करने के उपरांत कहीं।
श्रीमती यादव ने वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ करते हुए कहा कि मानव संस्कृति और मानव जीवन के विकास उन्नयन में सबसे महत्वपूर्ण योगदान पर्यावरण का ही है। पर्यावरण को संतुलित बनाये रखने में वृक्षों की अहम भूमिका है लेकिन मानव अपनी स्वार्थसिद्धि के लिए वृक्षों को तेज़ी से काटता चला जा रहा है। जिसकी वजह से हमारा पर्यावरण असंतुलित होता चला जा रहा है जो भविष्य के लिए चिंता का विषय है। वहीँ दूसरी तरफ उन्होंने प्रसन्नता ज़ाहिर करते हुए कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर अब धीरे-धीरे लोग सजग हो रहे हैं। तमाम संस्थाए वृक्षारोपण अभियान चला रही हैं। इसी क्रम में उन्नाव महोत्सव समिति का यह अभियान सराहनीय व प्रशंसनीय है, जिसमे पूरे जनपद में वृक्षारोपण किया जायेगा।
श्रीमती यादव ने जनपद उन्नाव महोत्सव समिति के पदाधिकारियों के साथ इस अभियान के बारे में विस्तृत चर्चा की और इस अभियान को अंजाम तक पहुँचाने के लिए सहयोग प्रदान करने की भी बात कही। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट डाँ अर्चना द्विवेदी ने श्रीमती यादव का पुष्पगुच्छ तथा जनपद उन्नाव महोत्सव समिति के प्रबंधक श्री प्राचीन्द्र मिश्रा ने प्रतीक चिन्ह भेट करके स्वागत किया। उक्त अवसर पर समिति की तरफ से कोषाध्यक्ष श्री शिवम तिवारी, सदस्य श्री अजय यादव, श्री अनुराग बाजपेई, श्री नागेन्द्र गुप्ता आदि लोग उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com

