
lucknow | जेवर में प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण शुरू करने के लिए आखिरी बाधा 10 अक्टूबर को दूर हो जाएगी। ठेका हासिल करने वाली कंपनी ज्यूरिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के बीच उस दिन करार होगा। शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम 6 बजे से देर रात करीब 10 बजे तक मेरठ मंडल के विकास प्राधिकरणों, पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि 10 अक्टूबर को नायल और ज्यूरिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट एजी के बीच कंसेशन एग्रीमेंट पर दस्तखत होंगे। इसके बाद एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में सारी बाधाएं दूर हो जाएंगी। इसके बाद कभी भी एयरपोर्ट का शिलान्यास किया जा सकता है। सरकार ने एयरपोर्ट के लिए अर्जित किए जा रहे छह ग्रामों की भूमि के पंजीकृत मूल्य की धनराशि 68 करोड़ 61 लाख 773 रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है।
स्विट्जरलैंड की कंपनी ज्यूरिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट एजी ने प्रति यात्री सर्वाधिक राजस्व हिस्सेदारी की बोली लगाकर यह ठेका हासिल किया था, तभी कोरोना संक्रमण के महामारी फैल गई और यह करार नहीं हो सका।
https://rashtriyadinmaan.com
