
नई दिल्ली। रूपयों के लिए देशभर में चल रही मारामारी के बीच एक अच्छी खबर आई है। नये नोटों के लिए परेशान लोगों को राहत मिलने वाली है। बाजार में 500 के नए नोट आ गए हैं। भोपाल के कई बैंकों से ग्राहकों को नोट मिलने भी लगे हैं।
दरअसल नासिक स्थित करंसी नोट प्रेस ने 500 के नोटों की पहली खेप रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को सौंप दी गई है। एक अधिकारी ने बताया है कि नासिक करंसी नोट प्रेस ने पहले ही आरबीआई को 500 के नोट सौंप दिए थे इसके अलावा 50 लाख नोटों की दूसरी खेप भेजी जा रही है।
बता दें कि नासिक प्रेस आरबीआई की उन नौ यूनिट्स में से एक है जहां पर नोटों की छपाई होती है। इस प्रेस में 10, 20, 50 और 100 के नोट भी छपते हैं।
500 और 1000 रूपए का नोट बंद होने के बाद पूरा बैंकिंग तंत्र सक्रिय हो गया है। इस बीच लोगों को समस्या आ रही थी कि बाजार में 100 के नोट की किल्लत हो गई थी और 2000 रूपए का नोट कोई ले नही रहा था क्योंकि उसके पास चेंज की समस्या हो रही थी। ऐसे में रिजर्व बैंक ने 500 रूपए के नए नोट को बाजार में उतार दिया है।
बाजार में 500 रूपये का नया नोट आने के बाद माना जा रहा है कि लोगों की काफी परेशानियों का समाधान हो जाएगा। बताया जा रहा है कि जल्द ही देश के सभी बैंकों में 500 के नए नोट उपलब्ध हो जाएंगे और लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक सरकार 1000 रूपए मूल्य के नए नोट भी बाजार में जल्द लेकर आएगी।
https://rashtriyadinmaan.com
