जनता इसबार भाजपा को हटाने और नया पीएम चुनने का मन बना चुकी है —-अखिलेश यादव


02
लखनऊ |
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज यहां कहा कि कैलाश- मानसरोवर भारत की धार्मिक भावना से जुड़े हैं। उनका पौराणिक महत्व है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां तीर्थ यात्रा पर जाते हैं। भारत सरकार को चीन से कैलाश -मानसरोवर को भारत को सौंपने की मांग करनी चाहिए।
श्री अखिलेश यादव पार्टी मुख्यालय, लखनऊ स्थित डाॅ0 लोहिया सभागार में एकत्र जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बिजनौर, गोरखपुर, गोंडा, लखीमपुर-खीरी के कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त सर्वश्री अहमद हसन, माता प्रसाद पाण्डेय, राजेन्द्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, एस.आर.एस. यादव तथा मध्य प्रदेश के नेता डाॅ0 सुनीलम मौजूद रहे।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता बेहद नाराज है। उपचुनावों के परिणामों से यह साबित हो चुका है। इस बार लोकसभा के चुनावों में भाजपा को भटकाने, बहकाने का मौका नहीं मिलेगा। चुनाव किसान, रोजगार, सड़क और बिजली आदि जनहित के मुद्दों पर होगा। भाजपा को चुनाव को मैनेज नहीं करने दिया जाएगा। जनता वोट डालकर बता देगी कि वह किसकी सरकार बनाएगी।  पूर्व मुख्यमंत्री  ने कहा कि भाजपा सच्चाई से भागना चाहती है। वह जाति- धर्म की नफरत फैलाने वाली राजनीति कर रही है। ईवीएम की विश्वसनीयता नहीं है। आरएसएस की चालों से बचना है। जनता भाजपा को हटाना चाहती है। उसका चरित्र लोकतंत्र से छल करने का है। अब सबको इंतजार सन् 2019 का है। इस बार जनता तय कर चुकी है और उसने भाजपा को हटाने और नया प्रधानमंत्री चुनने का मन बना लिया है।
  श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बेकारी की स्थिति विस्फोटक है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। इलाहाबाद में रिटायर्ड दारोगा की हत्या के लिए सरकार जिम्मेदार है। एनकाउण्टर से सरकार डराना चाहती है। उसको लेकर सरकार कठघरे में है। ट्रेनों में लूट-डकैती पर सरकार सोती रही है। जेलों में हत्याएं हो रही है। निर्दोषों को झूठे केसो में फंसाया जा रहा है।
 श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के आंख-कान बंद है। नौकरी मांगने पर नौजवानों पर लाठियां बरसाई जाती है। सरकार नौजवानों को नौकरी नहीं देना चाहती है। भाजपा सरकार बंदरों तक को पकड़ नहीं पा रही है शायद अब मंत्र पढ़कर बंदर पकड़े जाएंगे। मुख्यमंत्री योग्य होंगे तभी तो योग्य लोगों को नौकरी दे सकेंगे। उन्होंने कहा इस सरकार ने किसानों को भी धोखा दिया है। न तो उन्हें फसलों की लाभप्रद कीमत मिली और नहीं उनका कर्ज माफ हुआ। स्मार्ट सिटी बनाना तो छोड़िए, पहले शहरों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए गोबर ही हटाकर सरकार दिखाये और यातायात व्यवस्था बिना जाम के सुचारू बनाए।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने कोई काम नहीं किया। 17 माह की राज्य सरकार और साढ़े चार वर्ष की केन्द्र सरकार का रिजल्ट कार्ड में सिर्फ सिफर है। वह हर मोर्चे पर विफल है। इन्होंने जनता के समय की बर्बादी की है। इनकी नाकामी से देश पिछड़ा है। ओबीसी को संवैधानिक दर्जा की बात का कैसे और क्यों भरोसा करना चाहिए? जनगणना के आधार पर जातियों को हक और सम्मान मिलना चाहिए।

Scroll To Top
Translate »