व्यापारियों का उत्पीड़न करने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी: आलोक रंजन


मुख्य सचिव द्वारा श्रम विभाग के वेव पोर्टल का शुभारम्भ
unnamed (1)लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने कहा है कि प्रदेश में उद्यमियों एवं व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार आवश्यकतानुसार प्रक्रियाओं का सरलीकरण कर उद्योगों के संचालन व स्थापना में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति हेतु राज्य सरकार उद्योगों के संचालन व स्थापना में पूर्ण सहयोग एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के संचालन में श्रमिकों की भूमिका शरीर में रीढ़ के समान है, उनके हितों की पूर्ति प्राथमिकता के आधार पर किया जाय। उन्होंने कहा कि उद्यमियों एवं प्रशासन के बीच संवाद के माध्यम से बेहतर सामन्जस्य स्थापित करने हेतु  सेमिनारों, औद्योगिक कार्यक्रमों एवं गोष्ठियो का आयोजन अवश्य कराया जाय ताकि उनकी समस्याओं का निस्तारण समय से कराया जा सके।
मुख्य सचिव आज योजना भवन में श्रम विभाग के तत्वावधान मे आयोजित ‘‘इम्प्लायी मीट’’ कार्यशाला में श्रम विभाग के वेब पोर्टल का शुभारम्भ करते हुए अधिकारियों एवं उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग के वेब पोर्टल से व्यवसायियों एवं श्रमिकों को आॅनलाइन कार्य करने में सुगमता होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी घर बैठे आॅनलाइन सुविधा से अपने उद्योग सम्बन्धी प्रकरणों को भेज सकेगा।
 रंजन ने कहा कि प्रदेश में और अधिक बेहतर औद्योगिक माहौल बनाने के लिए समस्त विभागों को उद्यमियों एवं श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराना होगा। उन्होंने कार्यशाला में भाग लेने आये व्यापारियों एवं उद्यमियों को आश्वस्त किया कि व्यापारियों का उत्पीड़न करने वाले तथा अपने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।  उन्होंने व्यापारियों के तरफ से प्राप्त होने वाली समस्याओं एवं शिकायतों को संज्ञान में लेते हुये संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि व्यवसायियों के प्रति सकारात्मक रूख रखते हुए शासकीय दायित्व का निर्वहन करें, ताकि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान यथाशीघ्र सुनिश्चित हो सके।
कार्यशाला में प्रमुख सचिव श्रम श्री अरुण सिन्हा, श्रमायुक्त सुश्री शालिनी प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »