नई दिल्ली। 200 से ज्यादा यात्रियों को लेकर मिस्र से रूस जा रहा विमान क्रैश हो गया है। विमान ने शर्म अल शेख से रुस के लिए उड़ान भरी थी। पहले इसके लापता होने की खबर थी, लेकिन मिस्र के पीएम ने इसके क्रैश होने की पुष्टि कर दी है। सिनाई में उडान भरने के बाद रूस के विमान का संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया था।
मिस्र के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा है कि एक रूसी यात्री विमान उनके देश के अशांत सिनाई प्राय:द्वीप में आज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रधानमंत्री शरीफ इस्माइल के कार्यालय ने एक बयान में बताया कि एक रूसी यात्री विमान मध्य सिनाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
नागरिक उड्डयन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह एक चार्टर्ड विमान था जिसका संचालन एक रूसी कंपनी कर रही थी। विमान में 217 यात्री और चालक दल के सात सदस्य थे। उन्होंने बताया कि विमान से संपर्क टूट गया था।
सुरक्षा बलों ने उस इलाके को घेर लिया है जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया है। सूत्रों ने बताया कि विमान ने शर्म अल शेख के रेड सी रिजॉर्ट से सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरी और कुछ ही देर बाद मिस्र के हवाई यातायात नियंत्रक का एयरबस से संपर्क टूट गया।
प्रधानमंत्री इस्माइल ने एक मंत्रिमंडल स्तरीय संकट समिति बनाई है और घटना से निपटने के लिए तत्काल बैठक बुलाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय फिलहाल मृतकों और जीवित बचे लोगों की संख्या गिन रहा है और जल्द ही विस्तृत जानकारी देगा। रूसी मीडिया की खबर के अनुसार, यह विमान पश्चिमी साइबेरिया स्थित एक छोटी एयरलाइन ‘कोगलीमाविया’ का था।
https://rashtriyadinmaan.com

