
मुख्यमंत्री से रिअर एडमिरल डी0एम0 सूदन के नेतृत्व में
आए राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के 16 सदस्यीय दल ने मुलाकात की
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज उनके सरकारी आवास पर प्रदेश के सामाजिक व राजनैतिक अध्ययन के संदर्भ में रिअर एडमिरल डी0एम0 सूदन के नेतृत्व में आए राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के 16 सदस्यीय दल ने मुलाकात की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश के परिदृश्य को बदलने का काम किया है। उत्तर प्रदेश आबादी के लिहाज से देश की आबादी का 17वां हिस्सा तथा क्षेत्रफल की दृष्टि से चैथे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में यह 8.2 प्रतिशत का योगदान करता है। इलेक्ट्राॅनिक, हार्डवेयर एक्सपोर्ट में उत्तर प्रदेश, देश का अग्रणी राज्य है। यह प्रदेश इन्फाॅर्मेशन टेक्नोलाॅजी में ‘मुख्य-हब’ के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे एवं बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। राज्य के अन्य महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ने हेतु 4/6 लेन का नेटवर्क उपलब्ध है। प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज एवं गोरखपुर से राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की हवाई उड़ानें संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद के जेवर में एक अन्य अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण की प्रक्रिया प्रगति में है। लखनऊ, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल का संचालन हो रहा है। इसके अतिरिक्त कानपुर, आगरा, वाराणसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, मेरठ आदि शहरों में भी मेट्रो रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार सभी को बेहतर विद्युत व्यवस्था देने का कार्य कर रही है। 1.5 लाख राजस्व ग्रामों का विद्युतीकरण किया जा चुका है, जिसके अन्तर्गत 01 करोड़ परिवारों को 31 दिसम्बर, 2018 तक निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। वर्तमान में जनपद मुख्यालयों पर 24 घण्टे, तहसील मुख्यालयों पर 20 घण्टे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे अनवरत रूप से विद्युत सप्लाई हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पतालों को मेडिकल काॅलेज के रूप में उच्चीकृत करने की कार्यवाही की जा रही है। राज्य सरकार के रणनीतिक हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप जापानी इन्सेफेलाइटिस के कारण होने वाली मृत्यु दर एवं रूग्णता दर पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी ‘आयुष्मान भारत योजना’ उत्तर प्रदेश में भी लागू कर दी गयी है। इस योजना से प्रदेश के 1.18 करोड़ गरीब एवं कमजोर परिवारों को हर साल 05 लाख रुपये का चिकित्सा बीमा मिलेगा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन श्री दीपक त्रिवेदी, राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय का प्रतिनिधिगण तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
