
लखनऊ. भारतीय राजनीति के शलाका पुरुष, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की कर्मभूमि लखनऊ में पहली बार उनका जन्मदिन एकदम अलग अंदाज में मनाया गया तो वातावरण वास्तव में अटलमय हो गया. बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के सितारों ने अटल बिहारी बाजपेई की कविताओं का पाठ किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. पिछले कई वर्षों से मुंबई में अटल जी का जन्मदिन मनाने वाली संस्था दीप कमल फाउंडेशन ने इस बार अटल गीत गंगा कार्यक्रम पूर्व प्रधानमन्त्री के संसदीय क्षेत्र रहे लखनऊ में किया. उत्तम कार्यक्रम और अटलमय वातावरण से अबिभूत राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्था के प्रमुख और मुंबई भाजपा के महामंत्री अमरजीत मिश्रा की भूरि-भूरि प्रशंसा की.
इस मौके पर योगी मंत्रिमंडल के कई सदस्य और राजधानी की तमाम हस्तियाँ मौजूद थीं. दीप कमल फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को राजधानी स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में महान कवि, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री व प्रखर वक्ता अटल बिहारी बाजपेयी के 93वें जन्मदिवस पर अटल गीत गंगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर अटल की कविताओं का सस्वर पाठ भी किया गया. इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल जी के निकट सहयोगी रहे और उनके भाषणों का अनुवाद करने वाले डा. एन.एम, घटागे को ‘अटल सम्मान’ प्रदान किया.
राज्यपाल राम नाईक ने श्री वाजपेयी को बहुआयामी और प्रेरक व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनकी संसदीय प्रणाली में पूर्ण विश्वास और निष्ठा रही. वे लोकप्रिय व सर्वमान्य नेता रहे और उनको सत्ता पक्ष व विपक्ष सभी मानते हैं. वे ओजस्वी वक्ता रहे और उनकी विनोद बुद्धि व बात कहने का अंदाज निराला रहा है. उन्होंने देश का गौरव बढ़ाते हुए परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत की शक्ति का परिचय पूरी दुनिया को दिया. राज्यपाल ने अटल जी को दीप-स्तम्भ बताते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने अटल जी से जुड़े विभिन्न प्रसंगों और संस्मरणों की चर्चा भी की. मुख्यमंत्री ने ‘अटल गीत गंगा’ समारोह को अटल जी की कर्मभूमि लखनऊ में आयोजित किए जाने पर आयोजकों को बधाई और साधुवाद देते हुए कहा कि उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ सार्वजनिक जीवन में सहभागी होने और संसद में कार्य करने का सौभाग्य मिला है. अटल जी ने आजाद भारत की सही मायनों में विकास की नींव रखी और उन्होंने एक कुशल शिल्पकार के रूप में कार्य किया. उनका मानना था कि देश के विकास का केन्द्र बिन्दु ग्रामीण भारत ही हो सकता है.
उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को मूर्तरूप दिया, जिसके कारण देश की ग्रामीण आबादी को पक्के मार्गों से जोड़ा गया है. इसके अलावा, उनके द्वारा लागू की गई स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने भी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में परमाणु शक्ति का परीक्षण कर अटल जी ने देश को परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनाया. इसके चलते भारत दुनिया की नजरों में एक स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में उभरा. कारगिल युद्ध के दौरान धैर्यपूर्वक ठोस कार्यवाही करते हुए अटल जी ने भारतीय क्षेत्र को मुक्त कराया. उनका पक्ष व विपक्ष सभी दलों के लोग सम्मान करते हैं. उन्होंने देश को विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया. वर्तमान में भी अटल जी के प्रति पूरे जनमानस में श्रद्धा व सम्मान का भाव बरकरार है.
https://rashtriyadinmaan.com
