
मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस परेड की सलामी ली और कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों
की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांलति अर्पित की
लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां रिजर्व पुलिस लाइन्स में ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’ के अवसर पर आयोजित परेड की सलामी ली और कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हम देश के सभी शहीद पुलिसजनों, जिन्होंने वर्ष 2018-19 में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्यौछावर किये हैं, को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिये एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान करने वाले इन जवानों में उत्तर प्रदेश पुलिस के 05 बहादुर कार्मिक शामिल हैं। इन जवानों ने उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उन्हें हर सम्भव सहायता उपलब्ध करायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए, इस वर्ष गणतन्त्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 100 पुलिसकर्मियों को ‘उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह’ तथा 400 पुलिस कर्मियों को ‘सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह’ से सम्मानित किया गया है। इसी अवसर पर 1048 राजपत्रित व अराजपत्रित पुलिस कार्मिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक के प्रशंसा चिन्ह श्क्ळ ब्वउउमदकंजपवद क्पेबश् से, विशिष्ट सेवाओं के लिए 08 अधिकारियों/कर्मचारियों को माननीय राष्ट्रपति जी के ‘पुलिस पदक’ से, 129 अराजपत्रित पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए ‘पुलिस पदक’ एवं 05 राजपत्रित व अराजपत्रित अधिकारियों/कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के ‘उत्कृष्ट पुलिस सेवा पदक’ से सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ड्यूटी के दौरान शहीद/मृत पुलिस कर्मियों एवं उत्तर प्रदेश राज्य के मूल निवासी केन्द्रीय अर्द्धसैन्य बलों/अन्य प्रदेशों के अर्द्धसैन्य बलों अथवा भारतीय सेना में कार्यरत रहते हुए 169 शहीद/मृत कर्मियों के आश्रितों को 37 करोड़ 54 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के जनपद/इकाइयों में नियुक्त पुलिसकर्मियों को उनकी सुख-सुविधा हेतु 03 करोड़ रुपए एवं उनके कल्याण हेतु 04 करोड़ रुपए का अनुदान प्रदान किया गया है। अनुकम्पा निधि के अन्तर्गत 22 पुलिस कर्मियों को 02 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है। कार्यरत व सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके आश्रितों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति से सम्बन्धित प्राप्त 465 दावों का निस्तारण कर 86 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 05 लाख रुपए से अधिक के चिकित्सा प्रतिपूर्ति सम्बन्धी 58 प्रकरणों में 02 करोड़ 34 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गयी है। 57 पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रितों को गम्भीर बीमारियों के उपचार हेतु तात्कालिक रूप से अग्रिम ऋण के रूप में 01 करोड़ 92 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गयी है। जीवन बीमा योजना के अन्तर्गत बीमित 323 मृतक पुलिसकर्मियों के आश्रितों को सहायता के रूप में 05 करोड़ 84 लाख रुपए की बीमा धनराशि का भुगतान किया गया है। 170 पुलिसकर्मियों एवं उनके आश्रितों द्वारा कराये गये उपचार से सम्बन्धित 01 करोड़ 46 लाख रुपए के बिलों का कैशलेस उपचार सुविधा के अन्तर्गत तथा 06 मृत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को पुलिस सैलरी पैकेज के अन्तर्गत 55 लाख रुपए का भुगतान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाई गई है। जिसके परिणाम स्वरूप अब तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 96 दुर्दान्त/पुरस्कार घोषित अपराधी, पुलिस कार्रवाई में मारे गये हैं तथा 1631 अपराधी घायल हुए हैं। इस अवधि में 10 हजार 252 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें से 6,759 पुरस्कार घोषित अपराधी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कोई ऐसा संगठित अपराधी नहीं है, जो जेल के बाहर स्वच्छंद रूप से विचरण कर रहा हो। ऐसे अपराधियों को या तो जेल भेज दिया गया है या गिरफ्तारी के दौरान वे पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में मारे गए हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस के 05 जवान अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए तथा 752 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने के उपरान्त मुख्यमंत्री जी को शोक पुस्तिका सौंपी गईं। उन्होंने पुलिस स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शहीदों के परिजनों से भेंट भी की।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा सहित अन्य मंत्रिगण, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक श्री ओ0पी0 सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे।
https://rashtriyadinmaan.com
