pjimage-38-3

 

आरएसएस के पूर्व प्रचारक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी समारोह में मौजूद थे। त्रिवेंद्र के अलावा सात कैबिनेट और दो राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई। त्रिवेंद्र की कैबिनेट की ख़ासियत ये है कि इसमें आधे से ज्यादा मंत्री बागी कांग्रेसी हैं। वहीं एक राज्य मंत्री रेखा आर्य भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थी। यानी मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल में एक नहीं दो नहीं बल्कि पूरे पांच मंत्री पूर्व कांग्रेसी हैं।

सतपाल महाराज
सतपाल महाराज कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए हैं। उन्होंने अपने राजनैतिक करियर की शुरुआत 1989 में की थी। वह चौबट्टाखाल से विधायक हैं। सतपाल सांसद भी रह चुके हैं। सतपाल गढ़वाल से कांग्रेस के लोकसभा सांसद भी रहे हैं। पंद्रहवीं लोकसभा में सतपाल महाराज कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा पहुंचने में सफल रहे थे लेकिन अब सतपाल महाराज कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए।

यशपाल आर्य
यशपाल आर्य पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। वह बाजपुर से विधायक हैं। यशपाल आर्य उत्तराखंड में एक दलित चेहरा माने जाते हैं। वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आ गए थे। इनके बेटे नैनीताल से विधायक हैं।

हरक सिंह रावत
त्रिवेंद्र सिंह की कैबिनेट में शामिल हरक सिंह रावत कोटद्वार से विधायक बने हैं। वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। वह कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। हरक सिंह कांग्रेस के कद्दावर और विवादित नेता माने जाते थे। वे कांग्रेस की तरफ से राज्य के मंत्री भी रह चुके थे। मार्च, 2016 में हरीश रावत की सरकार पर आए संकट की वजह भी हरक रावत ही थे।

सुबोध उनियाल
सुबोध उनियाल एनडी तिवारी सरकार में पर्यटन सलाहकार थे। वो कांग्रेस पार्टी के बागी नेता रहे हैं। माना जाता है कि वह विजय बहुगुणा के काफी करीबी हैं। इस बार वह नरेंद्र नगर से विधायक हैं।

रेखा आर्य
रेखा आर्य ने आज उत्तराखंड के राज्य मंत्री की शपथ ली। वह भी कांग्रेस की बाघी नेता है तो बीजेपी में शामिल हो गई थी। इस बार उन्होंने सोमेश्वर सीट जीती।