
लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने मोहान रोड आवासीय योजना को रफ्तार देने के लिए अनुबंधित विकासकर्ता मेसर्स ओमेक्स लिमिटेड की टीम के साथ बुधवार को बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना को किसान पथ से जोड़ने के लिए बनाई जाने वाली 45 मीटर चौड़ी सड़क के लिए भूमि अर्जन की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाए।
बैठक के दौरान योजना में बिजली की ट्रांसमिशन लाइन डालने पर भी चर्चा की गई। इस पर अधिशासी अभियंता (वि0/यां0) द्वारा बताया गया कि योजना के टेन्टेटिव ले-आउट के अनुसार विद्युत भार की गणना की गई है, जिसकी कॉपी विकासकर्ता को उपलब्ध करायी जा चुकी है। इस पर उपाध्यक्ष ने ओमैक्स की टीम को निर्देशित किया कि वह सात दिनों में इसकी जांच करते हुए इस गणना पर अपनी सहमति दें, जिससे कि प्राधिकरण द्वारा आगे की कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग के लिए एक स्वतंत्र अभियंता तैनात किया जाना है। उन्होंने विकासकर्ता को 90 दिनों में तैनाती की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने वित्त नियंत्रक दीपक कुमार को निर्देशित किया कि वह योजना के लिए खोले जाने वाले एस्क्रो अकाउंट के लिए बैंक का निर्धारण करने हेतु नियम व शर्तों का अध्ययन कर लें। बैठक के अंत में उपाध्यक्ष द्वारा ओमैक्स के प्रतिनिधियों को एक महीने में योजना की डीपीआर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह सारी कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी कर ली जाए, जिससे कि लोगों के भूखण्ड लेने का सपना साकार हो सकें।
बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार और अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
