दीपोत्सव के पूर्व आयुक्त सभागार में शासन एवं स्थानीय अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की गहन समीक्षा

अयोध्या| मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क के हेलीपैड में उतरने के बाद सीधे श्री हनुमानगढ़ी, श्री रामलला का दर्शन पूजन किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा आयुक्त सभागार में अयोध्या विजन के विकास कार्यो की गहन समीक्षा की गयी। उल्लेखनीय है कि अयोध्या विजन की 174 क्रियात्मक परियोजनायें है जो 30,153.19 करोड़ की लागत की है। इसमें 37 कार्यकारी विभाग है जिसमंे प्राथमिकता की 98 परियोजनाएं है। आयुक्त सभागार में विजन का प्रस्तुतीकरण अपर मुख्य सचिव आवास/नोडल अधिकारी ने शासन की तरफ से तथा मण्डलायुक्त श्री गौरव दयाल ने विकास कार्यो का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। समीक्षा के दौरान मा0 मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जो अयोध्या के राम पथ में प्रथम फेज (नयाघाट से उदया चैराहा) के कार्य चल रहे है इसके सभी कार्यो को पूर्ण गुणवत्ता के साथ फुटपाथ एवं स्ट्रीट लाइट सहित अन्य सजावटी कार्यो को दीपोत्सव के पूर्व पूरा करें, जिससे दीपोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्वालुओं को कोई समस्या न हों।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सड़क पर गंदगी न रहे इसके लिए निरन्तर साफ सफाई हो तथा सार्वजनिक शौचालय आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में बनाये जायें और अयोध्या क्षेत्र में स्ट्रीट वेन्डरों के लिए अलग से व्यवस्था की जाय एवं विस्थापितों का शत प्रतिशत पुर्नवास किया जाय। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ सहित आदि मार्गो पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाय तथा इन मार्गो पर स्थित मंदिरों में श्रद्वालुओं के आने जाने के लिए बेहतर व्यवस्था की जाय। धर्म पथ के भी चैड़ीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किया जाय। राम पथ, भक्ति पथ, जन्मभूमि पथ पर किये जा रहे फसाड सौन्दर्यीकरण के कार्यो को भी शीघ्र पूरा किया जाय। एयरपोर्ट एवं अयोध्या से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्गो पर राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी सजावट युक्त कार्य करें। मुख्यमंत्री ने ग्रीनफील्ड आवासीय योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुये कहा कि योजना की प्रगति बहुत धीमी है इसे तीव्रगति से किया जाय तथा यह मान कर चला जाय कि भारत के राज्यों के अलावा विदेशों के भी गेस्ट हाउस बनेंगे तथा भारत में लगभग एक हजार से अधिक पंत सम्प्रदाय है उनके भी मठ-मंदिर बन सकते है। इसके लिए इसका और विस्तार करते हुये पोर्टल पर डाला जाय, जिससे सभी को जानकारी प्राप्त हो सकें। अयोध्या का मास्टर प्लान 2031 बन रहा है अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत एवं विश्व फलक के महत्व को देखते हुये इस मास्टर प्लान के विस्तार के लिए शासन को प्रपोजल दिया जाय, जिस पर शासन जल्द निर्णय लें। उन्होंने कहा कि अयोध्या के मुख्य मार्गो का विस्तार लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। नगर के अंदर के मार्गो/गलियों का निर्माण नगर निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण इस प्रकार आगणन तैयार कर एक प्लानिंग के साथ कार्य करें कि जिन गलियों का लेबल सड़क से नीचा हो गया है उनमें जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो पायें तथा अयोध्या नगर निगम में कुल 60 वार्ड है जिसमें से 15 वार्ड अयोध्या के धार्मिक क्षेत्र में है इन सभी वार्डो में कम्युनिटी/कन्वेन्सन सेन्टर बनाया जाय तथा अयोध्या के कैंट क्षेत्र के शेष 45 वार्डो के प्रत्येक दो-दो वार्ड को मिलाकर एक कन्वेन्सन सेन्टर बनाया जाय जिससे कि सड़क पर कोई कार्यक्रम न कर सकें। अयोध्या के जिन 33 पार्को का कायाकल्प योजना के तहत नगर निगम द्वारा जीर्णोद्वार किया गया है इन सभी पार्को में दो-तीन पार्को का गु्रप बनाकर प्राइवेट संस्थाओं के माध्यम से बेहतर ढंग से संचालित करायें। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ई-रिक्शा और ई-टैक्सी का रूट निर्धारित किया जाय तथा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि नाबालिग एवं अत्यंत वृद्व चालकों के रूप में कार्य न करें तथा इसके चार्जिंग प्वाइंट पेट्रोल पम्प के आसपास बनाये जाय। स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स सहित अन्य श्रद्वालुओं की सुविधाओं हेतु व्यवस्थाएं विकसित की जाय।
मुख्यमंत्री ने तुलसी स्मारक भवन की समीक्षा के दौरान उसकी धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि संस्कृति विभाग के अधिकारी जल्द से जल्द अवशेष धनराशि का भुगतान करें तथा तुलसी जी की रचनाओं एवं उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं पर चरणबद्व रूप से प्रकाश डालते हुये आवश्यक तैयारियां की जाय और मानस पर अच्छे कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाय। मुक्ति पथ/बैकुण्ठ धाम का भी बेहतर ढंग से निर्माण किया जाय, जिससे शहर की पवित्रता में वृद्वि हों और लोगों को आम सुविधा का विस्तार हों।
इस बैठक में जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद श्री लल्लू सिंह, मेयर श्री गिरीश पति त्रिपाठी, विधायकगण श्री रामचन्द्र यादव, श्री वेदप्रकाश गुप्ता, डा0 अमित सिंह चैहान, एमएलसी श्री हरिओम पांडेय सहित आदि उपस्थित थे। इस बैठक में अपर मुख्य सचिव आवास, ऊर्जा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं गृह श्री संजय प्रसाद सहित विभागों के सचिव गण, विभागाध्यक्ष गण, विभागीय वरिष्ठ अभियन्तागण, मण्डलीय अधिकारी, जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार, पुलिस महानिदेशक जोन श्री पीयूष मोडिया, पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रवीण कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त श्री विशाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनिता यादव सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मण्डलायुक्त श्री गौरव दयाल, जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जो भी निर्देश प्राप्त हुये है उसको जल्द से जल्द समन्वय कर उसको पूरा कराया जायेगा।
https://rashtriyadinmaan.com
