लखनऊ: आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुरभि रंजन ने कहा कि आकांक्षा समिति महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक कार्यक्रमों का संचालन कर गरीब एवं निःसहाय महिलाओं को बेहतर सुविधायें उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब छात्राओं को निःशुल्क कम्प्यूटर एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें स्वावलम्बी बनाने हेतु प्रयासरत हैै। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति द्वारा संचालित मसाला मठरी सेण्टरों में गरीब महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के सार्थक प्रयास सुनिश्चित किये हैं। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति छात्रों को आत्म सुरक्षा हेतु जूडो कर्राटे का निःशुल्क प्रशिक्षण दिलाये जाने के साथ-साथ उन्हें अपने सम्मान के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देने हेतु जनपद स्तर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इच्छुक छात्राएं स्वरोजगार हेतु निःशुल्क कम्प्यूटर का प्रशिक्षण एवं आत्मरक्षार्थ हेतु जूडो-कराटे का निःशुल्क प्रशिक्षण आकांक्षा समिति के द्वारा प्राप्त कर सकती हैं।
आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुरभि रंजन आज लखनऊ विश्वविद्यालय में विश्व महिला दिवस के अवसर पर ‘सोशल एक्टिव वेलफेयर ट्रस्ट व सांस्कृतिकी’ लखनऊ विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ कर अपने विचार व्यक्त कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं को सुरक्षित, शिक्षित, आत्मनिर्भर बनाये जाने हेतु और अधिक सार्थक प्रयास सुनिश्चित कराने में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां पुरूषों से किसी क्षेत्र में पीछे नहीं है वे सभी क्षेत्र में बराबर हैं। उन्होंने कहा कि आत्म विश्वास बढ़ाये तो वे प्रत्येक कार्य को कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति हेतु महिलाओं को और सशक्त होने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि श्रीमती सुरभि रंजन ने लखनऊ विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 11 विभागाध्यक्षों एवं छात्राओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को ‘शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया।
श्रीमती रंजन ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर लाभान्वित कराने के सार्थक प्रयास सुनिश्चित किये हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता है कि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कराने हेतु उन्हें जागरूक करने में सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा हेतु एवं उनकी तत्काल सहायता उपलब्ध कराने हेतु 1090 वीमेन पावर लाइन उपलब्ध करायी गयी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को सुरक्षा एवं सम्मान प्रदान करने हेतु प्रदेश सरकार ने अनेक योजनाओं को प्रदेश में क्रियान्वित कराया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 एस0बी0 निम्से ने करते हुए अपने विचार व्यक्त किये तथा निदेशक सांस्कृतिकी श्री एन0के0 पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किये।