नयी दिल्ली : विदेशों में मजबूती के रूख और त्यौहारों व शादी विवाह की मांग बढ़ने से राष्ट्रीय राजधानी सर्राफा बाजार में आज सोने का भाव 27,000 रुपये के पार निकल गया। कारोबार के दौरान यह 385 रुपये उछलकर 27,185 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 500 रुपये की तेजी के साथ 37,300 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि निवेशकों को अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा इस वर्ष ब्याज दर में वृद्धि किये जाने की संभावना कम नजर आ रही है। इससे धारणा तेजी की रही और वैश्विक बाजार में सोना तीन माह के उच्च स्तर को छू गया। इससे यहां भी बहुमूल्य धातुओं में तेजी का रख रहा। घरेलू बाजार में कीमतों का रूख निर्धारित करने वाले बाजार, सिंगापुर में सोने का भाव 0.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,174.81 डॉलर प्रति औंस हो गया। जो छह जुलाई के बाद का उच्च स्तर है।
व्यापारियों के अनुसार नवरात्र के दिनों में सोना, चांदी की खरीदारी को बेहतर माना जाता है। इसलिये नवरात्र शुरू होते ही सर्राफा बाजार में गतिविधियां तेज हो गईं जिस दाम भी चढ़ गये। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता की कीमत 385-385 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 27,185 रुपये और 27,035 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इससे पहले यह स्तर 25 सितंबर को देखा गया था था। गिन्नी की कीमत भी 100 रुपये बढ़कर 22,500 रुपये प्रति 8 ग्राम हो गई।
सोने की ही तरह चांदी हाजिर 500 रुपये उछलकर 37,300 रुपये किलो पर पहुंच गई जबकि साप्ताहिक डिलीवरी 615 रुपये बढ़कर 37,480 रुपये किलो हो गई। चांदी सिक्का 1,000 बढ़कर लिवाल 52,000 रुपये और बिकवाल 53,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बंद हुए।
https://rashtriyadinmaan.com
