बड़ी संख्या में पर्यटक उ0प्र0 की ओर आकर्षित हो रहे हैं: मुख्यमंत्री


unnamed (1)लखनऊ:    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका सड़कों की होती है। इसीलिए प्रदेश सरकार रोड नेटवर्क को प्रभावी बनाने के लिए सारे प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से पर्यटन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में पर्यटक हेरिटेज आर्क में आगरा से लखनऊ होते हुए वाराणसी तक जाएंगे। वास्तव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनने के उपरान्त प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में पर्यटन को बहुत बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश पर्यटन प्रोत्साहन परिषद की द्वितीय बैठक के दौरान व्यक्त किए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के माध्यम से बहुत सारे लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया जा सकता है। साथ ही, उत्तर प्रदेश को एक सम्पूर्ण ब्राण्ड के रूप में भी प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पर्यटन की सम्भावनाओं को परखा और इसीलिए इस क्षेत्र को उद्योग के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से अधिक समय के अन्तराल में पर्यटन को संगठित कर एक प्रभावी गतिविधि बनाने की दिशा में गम्भीरतापूर्वक प्रयास किया गया है, जिसके परिणाम अब दिखने शुरु हो गए हैं।
श्री यादव ने कहा कि पर्यटकों को विभिन्न पर्यटन स्थलों पर अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सर्वाधिक पर्यटक आगरा के ताजमहल की ओर आकर्षित होते हैं और वाराणसी की ओर भी बड़ी संख्या में पर्यटक जाते हैं। आगरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के कारण उत्तर प्रदेश के प्रति पर्यटकों का नजरिया बदला है और अब घरेलू पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश तीसरे नम्बर पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिन अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, वे सब अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की हैं। लखनऊ में आयोजित हो रहे हजरतगंज कार्निवाल में बड़ी संख्या में लोगांे की मौजूदगी को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि लोग परिवार के साथ वक्त गुजारना चाहते हैं। ऐसे में उन्हें पर्यटन के लिए स्थलों तथा आवश्यक सुविधाओं की जरूरत है। यदि मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों जैसे-ताज महल, बड़ा व छोटा इमामबाड़ा, फतेहपुर सीकरी, वाराणसी के घाट, मथुरा के घाट तथा अन्य पर्यटन स्थलों, अभयारण्यों, पक्षी विहारों इत्यादि का समुचित विकास किया जाए और पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो बड़ी संख्या में लोग इन जगहों पर पहुंचने लगेंगे, जिससे रोजगार की असीमित सम्भावनाएं बनेंगी।
श्री यादव ने कुम्भ-2013 के उपरान्त हार्वर्ड युनिवर्सिटी द्वारा इस आयोजन पर तैयार की गई पुस्तक ‘मैपिंग द इफेमरल मेगासिटी’ का हवाला देते हुए कहा कि पर्यटन की दृष्टि से यह एक अभूतपूर्व आयोजन था, जिसे सरकार ने सफलता के साथ सम्पन्न कराया। उन्होंने कहा कि कुम्भ में भाग लेने के लिए न केवल भारत से बल्कि पूरे विश्व से लोग आए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मौजूदा पर्यटन स्थलों का एक ओर विकास करवा रही है, तो दूसरी ओर नए पर्यटन स्थलों को भी चिन्हित किया जा रहा है, ताकि उन्हें भी विकसित कर पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि आगरा में मुगल म्यूजियम की स्थापना की जा रही है। आगरा में ही पर्यटकों की सुविधा के लिए इनर सर्किल रोड का भी निर्माण कराया जा रहा है। इसी प्रकार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए लखनऊ में मेट्रो रेल, अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, श्री जनेश्वर मिश्र पार्क, हुसैनाबाद हेरिटेज जोन तथा गोमती रिवर फ्रन्ट का विकास किया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि बैठक के दौरान अयोध्या में दीपावली के आयोजन द्वारा पर्यटकों को आकर्षित करने, ‘फाइण्ड द रूट्स’ के माध्यम से सैकड़ों वर्ष पूर्व विदेश गए भारतीयों द्वारा अपने पैतृक स्थानों का पता लगाकर वहां की यात्रा करने जैसे सुझावों पर गम्भीरतापूर्वक विचार किया जाएगा और इन्हें अमल में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य सुझावों पर भी गम्भीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।
बैठक के दौरान सचिव पर्यटन श्री अमृत अभिजात ने पर्यटन प्रोत्साहन परिषद के क्रिया-कलापों, योजनाओं इत्यादि पर विस्तार से प्रस्तुतिकरण दिया।
इस मौके पर सी0एन0बी0सी0 आवाज चैनल के एडिटर इन चीफ श्री संजय पुगलिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है और इसी वजह से यह राज्य अब पर्यटकों का प्रिय प्रदेश बनता जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश शीघ्र ही देश का नम्बर एक दर्शनीय एवं पर्यटक प्रिय राज्य बन जाएगा। श्री पुगलिया ने अपने चैनल सी0एन0बी0सी0 आवाज द्वारा दिए जाने वाले टैªवल अवाडर््स के अन्तर्गत ‘बेस्ट मैनेज्ड हिस्टोरिकल माॅन्यूमेन्ट’ श्रेणी के तहत ताजमहल के लिए मुख्यमंत्री को अवार्ड देकर सम्मानित किया। साथ ही, हेरिटेज आर्क कंसेप्ट को बेस्ट कंसेप्ट मानते हुए इसके लिए भी मुख्यमंत्री को अवार्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लखनऊ आॅन साइकिल, ए0सी0 बस संचालन योजना, पर्यटक तांगा संचालन योजना तथा टूरिस्ट एप का शुभारम्भ भी किया। बैठक में मुख्यमंत्री को हेरिटेज आर्क का प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया।
बैठक के दौरान पर्यटन मंत्री श्री ओम प्रकाश सिंह, पर्यटन राज्य मंत्री श्री मूलचन्द्र चैहान, उ0प्र0 राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री सुदीप सेन, सलाहकार पर्यटन विभाग ख्वाजा हलीम, मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन, प्रमुख सचिव वित्त श्री राहुल भटनागर, प्रमुख सचिव सूचना श्री नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव नियोजन श्री अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव वन श्री संजीव सरन, मुख्य वन संरक्षक डाॅ0 रूपक डे, फिल्मकार श्री मुजफ्फर अली, साहित्यकार श्री योगेश प्रवीन, टूरिज्म गिल्ड आगरा के श्री अंकुश महाजन इत्यादि मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »