उद्यमी समाधान दिवस’ का आयोजन: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक प्रगति को मिलेगी नई रफ्तार

लखनऊ | योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर औद्योगिक प्रगति की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) राज्य के औद्योगिक ढांचे के सतत विकास के लिए सतत प्रयासरत है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के अंतर्गत 6 मई 2025 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ स्थित प्लूटो ऑडिटोरियम (द्वितीय तल, अर्थ हॉल) में उद्यमी समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11:00 बजे होगा।
इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री श्री नंद गोपाल नंदी
करेंगे, जिसमें राज्य के वरिष्ठ अधिकारीगण भी भाग लेंगे।
36 ऑनलाइन ई-सर्विसेज के माध्यम से उद्यमियों को मिलेगा निर्बाध सहयोग
प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक अग्रणी औद्योगिक राज्य के रूप में स्थापित करना है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Ex-LIDA) द्वारा भूमि आवंटन से लेकर उत्पादन प्रारंभ होने तक उद्यमियों को निर्बाध सहयोग प्रदान करने हेतु 36 ऑनलाइन ई-सर्विसेज उपलब्ध कराई गई हैं। इन सेवाओं के माध्यम से नियत समय-सीमा में परियोजनाओं की स्वीकृति, आवश्यक अनुमतियाँ एवं सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली रियायतों की प्रक्रिया को सुगम एवं पारदर्शी बनाया गया है।
यूपीसीडा के क्षेत्रीय एवं परियोजना कार्यालय, लखनऊ द्वारा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिला एवं मंडलीय उद्योग बंधु बैठकों के माध्यम से भी समन्वय कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
‘उद्यमी समाधान दिवस’ का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों की जमीनी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जानना, समझना तथा उन्हें उच्च प्रशासनिक स्तर पर त्वरित समाधान प्रदान करना है। इस आयोजन से न केवल सरकार और उद्योग जगत के बीच संवाद मजबूत होगा, बल्कि प्रदेश में औद्योगिक वातावरण को और अधिक सक्षम व भरोसेमंद बनाया जा सकेगा।