यूपी दिवस का थीम हो यूपी का नवनिर्माण: मुख्य सचिव


DSC_8355
लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री राजीव कुमार ने निर्देश दिये हैं कि आगामी 24 जनवरी को यू0पी0 दिवस के अवसर पर साहित्य, शिक्षा, उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, प्रशासन, संस्कृति, खेल एवं कृषि आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले प्रदेश के महान विभूतियों को सम्मानित कराने हेतु आवश्यक कार्यवाहियाँ विभागवार प्राथमिकता से सुनिश्चित कराई जायें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि विगत 23 दिसम्बर को किसान दिवस के अवसर पर अधिक पैदावार हेतु पुरस्कृत किसानों द्वारा विभिन्न जनपदों में लगभग 1000 किसान गोष्ठियों का आयोजन कराकर उन्नतशील बीज का उपयोग करने एवं अपनी उपज की अधिक पैदावार करने हेतु किसानों को जानकारियाँ उपलब्ध कराई जायें। उन्होंने कहा कि आगामी 24 घण्टे में सम्बंधित विभाग विभागवार योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कराने हेतु विस्तृत सूची निर्धारित प्रारूप में प्रमुख सचिव, सूचना को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में आगामी 24 जनवरी को आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम के भव्य आयोजन हेतु विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की थीम उत्तर प्रदेश का नवनिर्माण होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य के गठन पर लगभग 05 मिनट की मल्टीमीडिया फिल्म का निर्माण कराया जाये जिसमें उत्तर प्रदेश के संक्षिप्त इतिहास के साथ-साथ प्रदेश के आगामी 15 वर्षों के विकास का विजन अवश्य प्रदर्शित कराया जाये।
श्री राजीव कुमार ने यह भी निर्देश दिये कि भवन निर्माण श्रमिकों के लिये आवश्यक स्कीम, तहसीलों का लोकार्पण, लगभग 250 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अथवा निर्मित होने वाले माध्यमिक विद्यालयों का लोकार्पण/शिलान्यास कराने के साथ-साथ लगभग 2500 आँगनबाड़ी केन्द्रों  का लोकार्पण/शिलान्यास कराने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता से सुनिश्चित करा ली जायें।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिये हैं कि समस्त प्रमुख सचिवों, सचिवों तथा विभागाध्यक्षों को विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण एवं आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराने हेतु जनपदों का भ्रमण अवश्य करना होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम्य स्तर पर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी एवं स्थानीय समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से कराने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों को जनपद भ्रमण के दौरान किसी एक गाँव में संचालित विकासपरक् योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करना होगा।
बैठक में समाज कल्याण आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास श्री आलोक सिन्हा, प्रमुख सचिव सूचना श्री अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य श्री प्रशान्त मिश्रा, प्रमुख सचिव गृह श्री अरविन्द कुमार एवं निदेशक सूचना श्री अनुज झा सहित अन्य सम्बंधित विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव, एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »