यूपी में फिर बवाल: मैनपुरी में गुस्साई भीड़ ने पुलिस जीप में लगाई आग


bn_1444397950मैनपुरी |   समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के परिवार की पारंपरिक लोकसभा सीट मैनपुरी में गाय काटे जाने का शक होने के बाद कुछ लोग हिंसा पर उतर आए। उन्होंने जमकर आगजनी और तोड़फोड़ की। 20 लोगों को अरेस्ट किया गया है। बता दें कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब यूपी के ही दादरी में बीफ खाने की अफवाह के बाद अखलाक नाम के शख्स की पिछले दिनों हत्या हो गई थी।
– घटना मैनपुरी जिले के करहल में नगरिया इलाके के मोहल्ला कुरैशियान की है। आरोप है कि यहां दो युवक देवी रोड के हैंडपंप के पास एक गाय को काट रहे थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि दो लोग गाय की खाल उतार रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही एक कम्युनिटी के लोग भड़क गए। उन्होंने दोनों युवकों को जमकर पीट दिया।
– मौके पर भीड़ बढ़ने लगी और फिर बवाल शुरू हो गया। वहां पहुंची पुलिस ने जब युवकों को छुड़ाकर अस्पताल भिजवाया, तो भीड़ नाराज हो गई।
– भीड़ ने पुलिस की एक जीप में तोड़फोड़ के बाद उसे आग के हवाले कर दिया। एक और गाड़ी में भी आग लगा दी। इसके अलावा इलाके की कई दुकानें भी जला दीं।
– भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे लोग और भड़क गए। उन्होंने पथराव शुरू कर दिया।
– जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या कहना है पुलिस और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन का?
– करहल के एसडीएम विजय प्रताप का कहना है कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि क्या इलाके में गाय काटी गई थी या पहले से मरे हुए जानवर की खाल निकाली जा रही थी।
– डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट चंद्रपाल सिंह ने कहा कि अब तक 20 लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं। बाकी लोगों की तलाश जारी है।
– इलाके में डीआईजी, डीएम और एसपी मौजूद है। उत्तर प्रदेश सरकार को इसकी रिपोर्ट भेजी जा रही है।
– फिरोजाबाद, इटावा और एटा से पुलिस फोर्स मंगवाया गया है। पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है।

Scroll To Top
Translate »