यूपी: मुजफ्फरनगर में खतौली के पास कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, 6 मरे


rail.jpg_1503151058_618x347

 

मुजफ्फरनगर |   यूपी के मुजफ्फरनगर में खतौली के पास कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस दुर्घटना का शिकार हो गई। पुरी से हरिद्वार जा रही ट्रेन की 5 बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में 6 लोगों के मरने की खबर है। बताया जा रहा है कि हादसा खतौली के ऊपरी गंगनहर के पास हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 30 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। तस्वीरों को देखकर लग रहा है कि यह एक बड़ा हादसा है। एक बोगी पटरी के बगल में बने मकान में घुस गई है। एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई है और पीएसी की 9 कंपनियों को भेजा जा रहा है। इसके अलावा यूपी एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। दुर्घटना शाम करीब पौने 6 बजे हुई। मौके पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान पहुंच गए हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी, रेल मंत्री बोले- निजी तौर पर मेरी नजर
इस बारे में जानकारी के लिए रेलवे के हेल्पलाइन नंबरों 94106 09434, 0121-2604977, 94544 55183, 9410609434, 0121-2604977 पर संपर्क किया जा सकता है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं इस घटना पर निजी तौर पर मेरी नजर है। वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा है और राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने का आदेश दिया है।’ रेल मंत्री ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। सुरेश प्रभु ने एक अन्य ट्ववीट में लिखा, मेडिकल वैन मौके के लिए निकल चुकी हैं। राहत पहुंचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।’ सुरेश प्रभु ने लिखा कि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को राहत एवं बचाव कार्य पर नजर रखने को कहा है। मौके पर मौजूद सिपाही ने बताया कि 3-4 लोगों के मारे जाने की बात कही जा रही है। हादसे में हुए नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है।


Scroll To Top
Translate »