
लखनऊ। राज्य सरकार ने यूपी में बाढ़ और बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 580.33 करोड़ रुपये मांगा है। राजस्व विभाग ने डीएम के मिली रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार को मेमोरंडम भेज दिया है। इसके पहले नवंबर में 556.43 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे संशोधित करते हुए नए सिरे से प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।
सचिव राजस्व व राहत आयुक्त गौरी शंकर प्रियदर्शी ने बताया कि वर्ष 2018 में मानसून अवधि में बाढ़ और अधिक बारिश से प्रदेश के 36 जिलों में जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति, कृषि फसलों के साथ सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि 10 से 12 दिसंबर के बीच केंद्रीय टीम ने प्रदेश के 11 जिलों बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सीतापुर, खीरी, ललितपुर, उन्नाव, कानपुर देहात, हरदोई और फर्रुखाबाद का स्थलीय निरीक्षण किया।
केंद्रीय टीम से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की गई। इसके पहले नवंबर में 556.43 करोड़ रुपये का मेमोरंडम भेजा गया था। इसे बढ़ाकर 580.33 करोड़ रुपये कर दिया गया है। प्रमुख सचिव राजस्व सुरेश चंद्र की तरफ से सचिव गृह मंत्रालय भारत सरकार को मेमोरंडम भेजा गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
