उ0प्र0 पी0ए0सी0 का 70 वर्ष का गौरवशाली इतिहास है: मुख्यमंत्री


(2)
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पी0ए0सी0 
के अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने ‘पी0ए0सी0 दिवस समारोह-2018’ को सम्बोधित किया
लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 का 70 वर्ष का अपना गौरवशाली इतिहास रहा है। इस बल ने अपनी व्यावसायिक कार्य दक्षता व सेवा भाव से यह मुकाम हासिल किया। सम-विषम परिस्थितियों में पी0ए0सी0 ने अपनी कार्य-कुशलता का परिचय दिया है। किसी भी आपदा की स्थिति में राहत कार्यों को पूरी तन्मयता के साथ करते हुए अन्तिम पीड़ित व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य सदैव इस बल ने किया है। देश के अन्दर इस प्रादेशिक बल की विशिष्ट पहचान है।
मुख्यमंत्री  ने यह विचार आज यहां 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 में आयोजित ‘पी0ए0सी0 दिवस समारोह-2018’ को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राज्य की विधि-व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाए रखने तथा विभिन्न त्यौहारों, मेलों को सकुशल सम्पन्न कराने में पी0ए0सी0 की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान पी0ए0सी0 की बाढ़ राहत कम्पनियां, बाढ़ से प्रभावित लोगों के जान-माल की सुरक्षा एवं बचाव तथा राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ए0टी0एस0 एवं एस0टी0एफ0 जैसे महत्वपूर्ण संगठनों में भी पी0ए0सी0 के ही कमाण्डो तैनात हैं, जो स्वतः प्रमाणित करते है कि पी0ए0सी0 एक सर्वोत्तम बल है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा अक्रियाशील पी0ए0सी0  कम्पनियांे को पुनः क्रियाशील किये जाने की प्रक्रिया प्रचलित की गई है। पी0ए0सी0 में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिए जाने के उद्देश्य से तीन महिला बटालियन के गठन की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। साथ ही, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में एक वाहिनी के गठन को भी मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पी0ए0सी0 के अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। उन्होेंने कहा कि प्रदेश सरकार पी0ए0सी0 की कार्य दक्षता को बढ़ाने के लिए हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी।
इससे पूर्व, कार्यक्रम स्थल पहुंचने के उपरान्त मुख्यमंत्री  को गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। उनके समक्ष विभिन्न बैंडों द्वारा प्रदर्शन करने के साथ-साथ कमाण्डोज़/कैमोफ्लाज, मलखम्ब/कुश्ती तथा डाॅग शो का प्रदर्शन भी किया गया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन/अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री ओ0पी0 सिंह, ए0डी0जी0 पी0ए0सी0 श्री आर0के0 विश्वकर्मा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »