मुंबई। बिग बॉस 7 अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। विवादों से घिरा यह टीवी शो अंत तक विवादों में न रहे, ऐसा हो नहीं सकता है। चाहे वह विवाद कानूनी ही क्यूं न हो। कानूनी विवादों में फंसने का सिलसिला अरमान कोहली से शुरू हुआ फिर सलमान खान पर पहुंचा और अब एजाज खान पर खत्म हो रहा है।
सबसे पहले अरमान कोहली को लोनावला पुलिस ने बिग बॉस में हिस्सा लेने वाली मॉडल और गायिका सोफिया हयात ने मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायत पर गिरफ्तार किया। इसके अलावा, शो में हॉस्ट सलमान खान और कलर्स चैनल के खिलाफ कानूनी शिकायत दर्ज की गई। सल्लू मियां पर आरोप लगा कि उन्होंने शो के दौरान मुस्लिम भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। केवल उनके खिलाफ ही नहीं बल्कि शो के निर्माता और चैनल के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
विवादों का यह गहरा नाता यहीं खत्म नहीं होता। एक नई पुलिस शिकायत का पता चला है। इस बार यह शिकायत एजाज खान के खिलाफ दर्ज की गई है। जी हां, आप बिल्कुल सही सुन रहे हैं। मुंबई पुलिस ने एजाज के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।
लेकिन उन्होंने ऐसा किया क्या? एजाज खान गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने और उनके लिए अपशब्द इस्तेमाल करने की वजह से फंस गए हैं। उन्होंने गौहर खान, कुशाल टंडन, अरमान कोहली और तनीषा मुखर्जी के सामने एक टिप्पणी कर दी। हालांकि, उनके बयान को टेलीकास्ट से पहले हटा दिया गया था लेकिन यूट्यूब पर वह जारी हो गया। भाजपा समर्थकों के एक समूह ने लोनावला स्थित बिग बॉस के घर के सामने प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं, उन्होंने घर में घुसने की कोशिश भी की।
Tagged with: Secondary-Featured-Slider
https://rashtriyadinmaan.com
