LDAमें व्यवसायिक सम्पत्तियों के निस्तारण के लिए VC ने की बैठक,निवेशकों ने दिखायी रूचि


लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में स्थित व्यवसायिक सम्पत्तियों के निस्तारण के लिए प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा मंगलवार को स्कूल/काॅलेज, ग्रुप हाउसिंग व होटल समूह आदि के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई। इस मौके पर उपाध्यक्ष द्वारा निवेशकों के समक्ष बारी-बारी से सम्पत्तियों व आॅफर का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इसमें निवेशकों द्वारा काफी रूचि दिखायी गई और उन्होंने सम्पत्तियों को चिन्हित करते हुए साइट देखने की इच्छा जताई। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि सम्बंधित सहायक अभियंता/अवर अभियंता इच्छुक निवेशकों से समन्वय स्थापित करके उन्हें सम्पत्ति का भ्रमण करवाएंगे। इस दौरान अगर निवेशकों की कोई शंका है तो अधिकारी मौके पर ही उसका निराकरण सुनिश्चित कराएंगे।
बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा निवेशकों को अवगत कराया गया कि व्यवसायिक सम्पत्तियों की ई-नीलामी 10.11.2022 को वेबसाइट https://ldaauction.procure247.com/ पर सम्पन्न करायी जाएगी। ई-नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक क्रेता 5 नवम्बर तक पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण कराने के लिए प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन आईडी बनानी होगी। तत्पश्चात अपनी बनायी हुई आईडी से जिस सम्पत्ति की नीलामी में भाग लेना चाहते हैं, उसका चयन करना होगा। सम्पत्ति का चयन करने के उपरांत नियमानुसार टोकन मनी/ई0एम0डी0 की धनराशि जमा करने के लिए ई-चालान बनाकर अपने बैंक से आर0टी0जी0एस अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से धनराशि जमा करके ई-नीलामी वाली तिथि को बोली लगायी जा सकती है। बैठक में विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर समेत अन्य सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »